महामहिम की अगवानी को चमका शहर
हाईवे और इंडस्ट्रियल एरिया की सफाई में जुटे सफाई कर्मचारी प्रवर्तन दल ने इंडस्ट्रियल एरिया में हटवाया अतिक्रमण।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: राज्यपाल के आगमन को देखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा राजा का ताल से जिला मुख्यालय तक हाईवे को चमकाया जा रहा है। इसके साथ नगला भाऊ स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर गंदगी के ढेर साफ कराए गए। प्रवर्तन दल द्वारा सख्ती अभियान चलाकर फुटपाथ खाली कराए गए। इसके बाद औद्योगिक आस्थान की सड़कें चौड़ी नजर आईं।
जिले में गुरुवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल आ रही हैं। राज्यपाल के कार्यक्रम को देखते हुए नगर निगम द्वारा तीन दिन से पूरे हाईवे को साफ करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को विशेष अभियान के लिए 275 ठेका कर्मचारियों की टीम बनाई गई। 200 सफाई कर्मचारियों की टीम नगला भाऊ स्थित औद्योगिक आस्थान में लगाई गई। यह कर्मचारी मुख्य मार्ग से लेकर विद्युत सबस्टेशन के पीछे मार्ग को साफ करने में लगे रहे। जेसीबी की मदद से गंदगी के ढेर साफ कराए गए। प्रवर्तन दल द्वारा सड़क किनारे रखे खोखे हटवाए गए। फुटपाथ से खोखे हटवाने को हाइड्रा मशीन मंगवाई गई। 75 कर्मचारी राजा का ताल से मुख्यालय तक हाईवे को साफ करने में जुटे रहे। जेडएसओ दलवीर सिंह सहित सभी सेनेटरी इंस्पेक्टर व सुपरवाइजर स्वच्छता अभियान की मानीटरिग करते रहे। -प्रगति ग्लास का निरीक्षण करेंगी राज्यपाल: राज्यपाल आनंदी बेन पटेल नगला भाऊ स्थित प्रगति ग्लास का निरीक्षण करेंगी। इसको लेकर जिला प्रशासन व उद्योग विभाग के अधिकारी दिन में सक्रिय रहे। डीडीओ राजेश कुमार के साथ उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडेय, सहायक प्रबंधक संदीप कुमार ने प्रगति ग्लास का निरीक्षण कर फैक्ट्री स्वामी विजय दीप सिंह को व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने को कहा।