जलनिगम ने खोद डाली हॉट मिक्स सड़क
नगला बरी से सैलई पुलिया तक चार माह पहले बनी थी सड़कलाइन लीकेज ठीक करने को खोदी सड़क क्षेत्र की जनता परेशान
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: नगर निगम प्रशासन द्वारा लाखों का बजट खर्च कर नगला बरी से सैलई पुलिया तक हॉट मिक्स सड़क का निर्माण कराया गया, जिसे जलनिगम ने लीकेज ठीक करने के लिए खोद डाला। अब सड़क पर जगह-जगह गड्ढे नजर आने लगे हैं।
432 करोड़ की पेयजल पुनर्गठन परियोजना के अंतर्गत जनता को गंगाजल उपलब्ध कराने के लिए जलनिगम द्वारा पूरे शहर में पाइप लाइन बिछाई गई। गंगाजल आपूर्ति के दौरान शहर में जगह-जगह लाइन लीकेज हो रही हैं। उसे ठीक करने के लिए जलनिगम द्वारा बिना अनुमति के रातों-रात सड़कें खोदी जा रही हैं। शहर में जगह-जगह सड़क खुदी पड़ी हैं, जो जनता के लिए बड़ी मुसीबत बन रही हैं। नगर निगम द्वारा चार माह पहले नगला बरी चौराहे से सैलई पुलिया तक सड़क निर्माण कराया गया। सड़क निर्माण पर 51.68 लाख का बजट खर्च हुआ। सड़क का निर्माण होने के बाद क्षेत्र की जनता को खासी राहत मिली, परंतु कुछ महीनों में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए। जलनिगम ने लाइन लीकेज ठीक करने के लिए बिना अनुमति सड़क खोद डाली, जिससे सड़क पर जगह-जगह गड्ढे नजर आ रहे हैं। कुछ महीनों में सड़क खुदने से क्षेत्र की जनता परेशान है।