खाद्यान्न नहीं मिलने पर राशन कार्ड धारकों का हंगामा
खाद्यान्न नहीं मिलने पर राशन कार्ड धारकों का हंगामा
संवाद सहयोगी, जसराना: कोरोना के दौर में कुछ राशन डीलरों की मनमानी बढ़ गई है। शासन-प्रशासन की तरफ से राशन डीलरों को हिदायत है कि वे सभी राशन कार्ड धारकों को खाद्यान्न उपलब्ध कराएं जबकि कुछ राशन डीलर मनमानी कर रहे हैं। ऐसे ही एक डीलर की दुकान पर शुक्रवार दोपहर कुछ कार्ड धारकों ने हंगामा किया।
मामला बड़ा गांव का है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशन डीलर ग्रामीणों के घर पॉस मशीन ले जाकर अंगूठा लगवा लेते हैं। इसमें से कुछ को खाद्यान्न का वितरण किया जाता है तो कुछ को नहीं। ऐसे लोगों से खाद्यान्न समाप्त होने और अन्य बहानेबाजी कर खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जाता है। आरोप है कि कई महीने से यहीं किया जा रहा है। शु्क्रवार दोपहर तीन बजे परेशान कुछ ग्रामीण उसकी दुकान पर पहुंच कर हंगामा करने लगे। वे डीलर पर तमाम आरोप लगा रहे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राशन डीलर की मनमानी की शिकायत कई बार अफसरों से की गई, लेकिन सुनवाई नहीं की गई। शुक्रवार को मामले की शिकायत एसडीएम कुमार चंद्र जबालिया से की गई। एसडीएम ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। राशन डीलर पर आरोप लगाने वाले ग्रामीणों में करपूरन देवी, वीरेंद्र, ममता देवी, रामवती, कपूरी देवी, राजकुमारी, शेर सिंह, अवधेश कुमार, मधु, प्रीति देवी, संगीता देवी, अर्चना देवी, सियादेवी, प्रेमवती समेत काफी लोग हैं।