विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा पर साधा रामगोपाल यादव ने निशाना, जनता का पैसा लूटकर चुनाव जीतने में उपयोग कर रही

By Vimal Kumar Kulshrestha Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 11 Apr 2026 10:11 PM (IST)

फिरोजाबाद में महात्मा ज्योतिबा राव फुले जयंती पर आयोजित पीडीए पंचायत में सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव ने ...और पढ़ें

फिरोजाबाद में प्रो. रामगोपाल यादव व अक्षय यादव।

फिरोजाबाद में प्रो. रामगोपाल यादव व अक्षय यादव।

HighLights

  1. फर्जी एनकाउंटरों की 2027 में सपा सरकार जांच कराएगी।

  2. मतदाता सूची से दो करोड़ से अधिक वोट हटाए गए।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। दबरई स्थित सपा कार्यालय पर शनिवार को दोपहर 12 बजे महात्मा ज्योतिबा राव फुले जयंती के अवसर पर पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) पंचायत का आयोजन हुआ।

इसमें पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि आने वाली युवा पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रखना है, तो भाजपा से मुक्ति जरूरी है। आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनता का पैसा लूटकर चुनाव जीतने में उपयोग कर रही है।

राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि वर्ष 2024 में प्रदेश की जनता ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को करारा जवाब दिया था, लेकिन इससे उन्होंने कोई सबक नहीं सीखा। पुलिस द्वारा फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं।

वर्ष 2027 में यदि प्रदेश में सपा की सरकार आती है तो जितने भी फर्जी एनकाउंटर हुए हैं, उन सबकी जांच होगी और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उप्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के माध्यम से दो करोड़ से अधिक लोगों के वोट काट दिए गए। अब ग्राम पंचायत की भी सूची आ गई है। दोनों को मिलाकर देखेंगे तो करोड़ों वोटो का अंतर है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रीपेड मीटर लगवा कर जनविरोधी काम रही है। जौनपुर के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि देश को संविधान के अनुसार चलाना चाहिए और जनता के अधिकारों की रक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए।

उन्होंने सपा और जन अधिकार पार्टी के गठबंधन को मजबूत बताते हुए भाजपा के विरुद्ध संयुक्त लड़ाई लड़ने का ऐलान किया।

मौके पर सांसद अक्षय यादव, एटा से सपा सांसद देवेश शाक्य, शिकोहाबाद विधायक डा. मुकेश वर्मा, जसराना विधायक इं. सचिव यादव, सिरसागंज विधायक सर्वेश यादव, पूर्व विधायक रमेश चंद्र चंचल, अजीम भाई, रामवीर सिंह यादव, रामसेवक यादव, नीरज यादव, आदर्श यादव आदि उपस्थित रहे।