जनता को गुमराह कर रही भाजपा: रामगोपाल
संवाद सहयोगी, टूंडला: गांव बन्ना में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया।
संवाद सहयोगी, टूंडला: गांव बन्ना में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. राम गोपाल यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसे। भाजपा को किसान विरोधी पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है।
शुक्रवार दोपहर सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव गांव बन्ना पहुंचे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ फीता काटकर कलश यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा सत्ता में आने से पहले भाजपा के वादे कुछ और थे और सत्ता हासिल होते ही कुछ और ही राग अलापे जा रहे हैं। प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। अपराधों में बढ़ोत्तरी हुई है। प्रदेश की जनता अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही है। ऋण माफी के नाम पर किसानों के साथ धोखा किया गया है। किसानों को आश्वस्त किया गया था कि उनका पूरा ऋण माफ होगा, लेकिन किसी के एक तो किसी के पांच रुपये माफ कर उनके साथ मजाक किया गया। ऋण माफी का प्रमाण पत्र लेकर किसान बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं। फिर भी बैंकों द्वारा उन्हें नोटिस भेजे जा रहे हैं। इस दौरान आयोजक वीरेश यादव, बीआर यादव, चन्द्रवीर यादव, अशोक यादव, उमेश यादव, विनय यादव आदि मौजूद रहे।