जयकारों के बीच धूमधाम से निकली राम बरात
रविवार शाम लेबर कॉलोनी की राम बरात धूमधाम से निकली। शहर में निकली बरात को देखने के लिए बडी संख्या में लोग उमडे।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: रविवार शाम लेबर कॉलोनी की राम बरात धूमधाम से निकली तो शहर की राहों पर जयकारों की गूंज सुनाई दी। चंद्रवार गेट से लेबर कॉलोनी तक मेले जैसा नजारा रहा। प्रभु की छवि निहारने के लिए भक्तजनों की भीड़ राहों पर उमड़ पड़ी।
लेबर कॉलोनी की भगवान श्रीराम की बरात का शुभारंभ चंद्रवार गेट स्थित पथवारी माता मंदिर पर रामलीला कमेटी संस्थापक रमेशानंद ने हरी झंडी दिखा किया। सबसे आगे ऊंट एवं घोड़ों पर नगाड़ा वादक बरात आने की सूचना दे रहे थे। प्रभु की बरात में भगवान गणेश, सांई बाबा के साथ मां दुर्गा एवं बांके बिहारी की झांकियों ने मन मोहा। शिव पार्वती, राधा कृष्ण, अशोक वाटिका में सीता और हनुमान की सजीव झांकियां और हनुमान की सेना आकर्षण का केंद्र रही। 22 झांकियों के साथ काली अखाड़े बरात में शामिल रहे। भगवान झूलेलाल एवं महर्षि वाल्मीकि की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। मेयर नूतन राठौर एवं प्रमुख उद्योगपति देवीचरन अग्रवाल ने मुख्य डोले की आरती उतार राम बरात का शुभारंभ किया। देर रात तक मुख्य डोला लेबर कॉलोनी में सजी रामबरात की तरफ बढ़ रहा था।
पलकें बिछाए बैठे जनकपुरीवासी :लेबर कॉलोनी में जनकपुरी भी सजाई गई थी। यहां जनकपुरीवासी शाम से ही पलकें बिछाए बैठे हुए थे। देर रात बरात के पहुंचने पर यहां पर लोगों ने जोरदार स्वागत किया। वहीं इस अवसर पर तुलसी सालिगराम की विवाह की रस्में निभाई गई। इस दौरान लेबर में कॉलोनी में विशाल मेले का आयोजन किया गया। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया। जनकपुरी में बरात को देखने के लिए छतों पर भीड़ जमा थी तो लेबर कॉलोनी में रहने वालों ने अपने रिश्तेदारों को भी इस अवसर पर आमंत्रित किया था।
ये रहे मौजूद: लेबर कॉलोनी रामलीला समिति अध्यक्ष किशन यादव एडवोकेट, महासचिव सनिल भारद्वाज, कोषाध्यक्ष प्रशांत गुप्ता, क्षितिज अग्रवाल, गौरव वर्मा, सिद्धार्थ त्रिपाठी, ठा. नगेंद्र ¨सह एडवोकेट, मनीष कुमार, दीपेश वाष्र्णेय, पंकज भारद्वाज, पं. मनोज दीक्षित, लोकेश दुबे आदि मौजूद रहे।