राज्यसभा सदस्य ने ऑनलाइन जाने फीरोजाबाद के हाल
राज्यसभा सदस्य ने ऑनलाइन जाने फीरोजाबाद के हाल
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद अनिल जैन ने बुधवार को पार्टी नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से फीरोजाबाद के हालात पर जानकारी ली। पार्टी नेताओं ने जिले में कोरोना के हालातों की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में सुधार के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखने का भरोसा दिया है।
दोपहर में जूम एप के जरिए राज्यसभा सदस्य डॉ जैन ने पहले सरकार की उपलब्धियों और कोरोना को लेकर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष कंहैया लाल गुप्ता ने क्वारंटाइन सेंटर और आइसोलेशन वार्ड की समस्याएं बताई। उन्होंने बताया कि क्वारंटीन किए गए लोगों को खाना और पानी मिलने में परेशानी हो रही है। लोग सैम्पल करवाने के लिए परेशान है। वहीं अन्य नेताओं ने भी बात उठाई। इस पर उन्होंने लिखित में जानकारी भेजने को कहा। वार्ता में महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, आनंद अग्रवाल, कल्पना राजौरिया समेत दर्जनों लोग शामिल हुए।