गर्भवती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, दहेज हत्या का मुकदमा
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी ससुरालीजन फरार - अतिरिक्त दहेज में चेन व दो लाख की डिमांड थी
संवाद सहयोगी, खैरगढ़, (फीरोजाबाद): थाना क्षेत्र के गांव नगला जयकिशन निवासी गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थिति में उसके घर पर मौत हो गई। उसकी शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। मृतका के भाई ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
मैनपुरी के गांव नगला मंजू निवासी तिलक सिंह ने बेटी रूबी (26) की शादी 24 फरवरी 2019 में नगला जयकिशन निवासी जितेंद्र कुमार कुशवाहा से की थी। मृतका के भाई रवि कुशवाहा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि रूबी के ससुरालीजन शादी में दिए गए दान दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वे अतिरिक्त दहेज में सोने की चेन और दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर पति व अन्य ससुरालीजन आए दिन उसकी बहन से प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि बुधवार शाम को ससुरालीजनों ने मारपीट कर रूबी की हत्या कर दी। सूचना पर वह परिवारीजनों के साथ मौके पर पहुंचा। रूबी छह माह की गर्भवती थी। मामले में पति जितेंद्र, ससुर प्रेम सिंह, जेठानी कल्पना व जेठ विक्रम सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इंस्पेक्टर मुस्तकीम अली ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। आरोपित फरार हैं।