महंगी बिजली और महंगाई को मुद्दा बनाएगी कांग्रेस: चौधरी
विधानसभा उप चुनाव को लेकर चुनाव प्रभारी ने की बैठककांग्रेस की नीतियों को जनता के बीच लेकर जाएंगे कांग्रेसी
टूंडला(फीरोजाबाद) : टूंडला विधानसभा उप चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कांग्रेसियों ने फीरोजाबाद रोड स्थित एक होटल पर बैठक की। महंगाई और बिजली मूल्य वृद्धि पर भाजपा को कोसा। कांग्रेस प्रत्याशी का स्वागत किया गया।
विधानसभा उप चुनाव प्रभारी अनिल चौधरी ने कहा कि जिस समय देश का कोई भी खेवनहार नहीं था। उस समय केवल कांग्रेस ने देशहित में काम किया। उप चुनाव में कांग्रेस महंगाई, बिजली मूल्य वृद्धि को मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाएगी। विगत छह वर्ष से भाजपा केंद्र और प्रदेश में है। वर्तमान हालात यह हैं कि हर तबका इस सरकार की नीतियों से परेशान है। भाजपा सरकार में अर्थव्यवस्था डगमगा गई है। कांग्रेस की बागडोर प्रियंका गांधी के हाथों में है। हम पूरी दमदारी के साथ चुनाव लड़ेंगे और चुनाव जीतने का काम करेंगे। प्रत्याशी स्नेहलता बबली ने कहा कि हमारा एजेंडा जनता की लड़ाई लड़ना और महंगी बिजली व महंगाई का विरोध करना है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष प्रकाश निधि गर्ग, साजिद बेग, रनवीर ठैनुआं, लाला राईन, बीएस गौतम, संजीव रघुवंशी, कन्हैया शर्मा, मुकेश कुमार, सुनीत यादव, शैलेन्द्र शर्मा आदि मौजूद रहे।
विद्युत मूल्य वृद्धि का विरोध में दस दिवसीय अभियान: कार्यवाहक जिलाध्यक्ष प्रकाश निधि गर्ग ने बताया कि भाजपा सरकार द्वारा की गई विद्युत मूल्य वृद्धि के विरोध में कांग्रेस 15 से 25 अक्टूबर तक जिला मुख्यालय और तहसीलों पर विरोध प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस जनता पर डाले जाने वाले इस बोझ को स्वीकार नहीं करेगी।