शुक्र बाजार के जाम में छूट गई ट्रेंने
शुक्रवार बाजार के नाम पर स्टेशन रोड अतिक्रमण का शिकार हो गया। जाम के चलते कई लोगों की ट्रेन भी छूट गई।
संवाद सहयोगी, टूंडला: शुक्रवार बाजार के नाम पर स्टेशन रोड अतिक्रमण का शिकार हो गया। पहले कुछ ही दायरे में दुकानें लगती थीं लेकिन अब लगभग दो किलोमीटर तक राहगीरों का निकलना मुश्किल हो जाता है। जाम में फंसकर कई यात्रियों की ट्रेन भी छूट गई। इसके बाद भी पुलिस प्रशासन आंखों पर पट्टी बांधे बैठा है।
कई वर्ष पूर्व बंदी दिवस के मौके पर शुक्र बाजार मैन बाजार में लगना शुरू हुआ था। जहां भीड़ अधिक होने के कारण जाम के हालात पैदा होते थे। तत्कालीन एसडीएम डॉ. पंकज वर्मा ने जाम की समस्या से निजात दिलाए जाने के लिए इस बाजार को सुभाष चौराहा स्थित ठा. बीरी ¨सह इंटर कॉलेज मैदान में शिफ्ट करा दिया था। उसके बाद स्टेशन रोड पूरी तरह खाली हो गया था। उनके स्थानांतरण के बाद शुक्र बाजार कॉलेज से निकलकर बाहर सड़क पर आ गया। वर्तमान स्थिति यह है कि सुभाष चौराहा से लेकर दीपा का चौराहा तक दुकानें लगना शुरू हो गया है। हर शुक्रवार को दुकानों की संख्या में इजाफा हो जाता है। स्थिति यह है कि स्टेशन जाने वाले ऑटो जाम में फंस जाते हैं, जिसके कारण ट्रेन छूट जाती है। वर्तमान स्थिति यह है कि स्टेशन रोड पर जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आए दिन सड़क दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। न तो पुलिस का इस ओर कोई ध्यान है और न ही तहसील प्रशासन का ही।
एसएसपी भी फंस गए जाम में:टूंडला: शुक्रवार को एसएसपी सचिन्द्र पटेल टूंडला आए थे। वापस लौटते समय बीरी ¨सह इंटर कॉलेज के गेट से कुछ पहले उनकी भी गाड़ी जाम में फंस गई। जिसे आगे चल रही एस्कोर्ट की गाड़ी ने निकलवाया। ऐसा कोई पहली बार नहीं हो रहा, इससे पहले भी वीवीआइपी की गाड़ियां जाम में फंस चुकी हैं।