एक दिन की थानेदार बेटी ने सुनी जन शिकायतें
मुकदमों लंबित विवेचनाओं की ली जानकारी थाना कार्यालय व माल खाने का किया निरीक्षण।
संवाद सहयोगी, शिकोहाबाद: मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी व बालिका सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को कक्षा 11 की छात्रा कली सिंह को थाना नसीरपुर का एक दिन का थानेदार बनाया गया। थानेदार ने थाना परिसर का निरीक्षण कर फरियादियों की शिकायतों को सुना।
कली सिंह के सुबह लगभग दस बजे थाने पर पहुंचते ही पुलिस कर्मियों ने सैल्यूट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद गांव नसीरपुर निवासी इस छात्रा ने थानेदार की कुर्सी पर बैठकर पुलिस कर्मियों के साथ मीटिंग कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने इस साल अब तक थाने में दर्ज मुकदमों, लंबित विवेचनाओं और हिस्ट्रीशीटरों की संख्या के बारे में जानकारी ली। एक दिन की थानेदार ने थाना कार्यालय व माल खाने का निरीक्षण किया। आधा दर्जन से अधिक फरियादियों की शिकायतों को सुना। इसमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण करा दिया। बाकी शिकायतों का निस्तारण जल्द करने के निर्देश पुलिस को दिए। उन्होंने थाने के बाहर पुलिस बल के साथ वाहन चेकिग की। इस दौरान मास्क व हेलमेट नहीं लगाने पर 20 लोगों का चालान किया। सीओ इंदु प्रभा व इंस्पेक्टर प्रवेंद्र कुमार ने एक दिन की थानेदार को पुलिस विभाग के महत्वपूर्ण कार्यो की जानकारी दी।
पुलिस का काम आसान नहीं
एक दिन की थानेदार छात्रा कली सिंह ने बताया कि पुलिस का काम आसान नहीं है। पुलिस फोर्स 16 से 18 घंटे तक काम करती है। उनकी नींद भी पूरी नहीं होती, इसके बाद भी वे जनता की सेवा करते हैं। मैं भी आगे चलकर फोर्स ज्वाइन करुंगी।