हाथों में खाली बर्तन, आखों में गुस्सा
फीरोजाबाद जासं बूंद-बूंद पानी को तरस रही जनता ने शुक्रवार को सैलई चौराहे पर नगर निगम के खिलाफ हंगामा व नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। आधा घंटे तक आक्रोशित महिलाएं सड़क पर डटी रहीं लेकिन नगर निगम का कोई जिम्मेदारी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
फीरोजाबाद, जासं: बूंद-बूंद पानी को तरस रही जनता ने शुक्रवार को सैलई चौराहे पर नगर निगम के खिलाफ हंगामा व नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। आधा घंटे तक आक्रोशित महिलाएं सड़क पर डटी रहीं, लेकिन नगर निगम का कोई जिम्मेदारी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
वार्ड पांच के मुहल्ला सरजीवन नगर, अंबेडकर पार्क में आधा दर्जन से अधिक गलियों में गंगाजल की पाइप लाइन नहीं डाली गई। भीषण गर्मी में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए गलियों में भटक रहे हैं। क्षेत्रीय पार्षद मायादेवी ने पाइप लाइन डलवाने को कई बार शिकायत की, लेकिन अधिकारी टालमटोल करते रहे। पेयजल संकट से त्रस्त महिलाएं, पुरुष व बच्चे हाथों में खाली बर्तन लेकर दोपहर में सड़क पर आ गए। उन्होंने सैलई चौराहे पर पहुंचकर नगर निगम के खिलाफ हंगामा, नारेबाजी की शुरू कर दी। अनीता का कहना था कि गर्मी के मौसम में बूंद-बूंद पानी को दिन रात भटकना पड़ रहा है। दूरदराज से पानी लाने से बच्चे भी बीमार पड़ गए हैं। थाना रामगढ़ पुलिस ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि तुम्हारी समस्या उच्च अधिकारियों तक पहुंचा देंगे। तब महिलाएं जाम खोलने को तैयार हुईं। मौके पर किरनदेवी, सुमन, चंद्रभान सिंह, रॉकी, विक्रम सिंह, अभय कुमार, चेतराम, अनीता, रामवती, पप्पू, आकाश आदि मौजूद रहे। - बंबा बाइपास पर लगी वाहनों की लंबी कतार:
महिलाओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान सैलई बंबा चौराहे पर दोनों साइड वाहनों की लंबी कतार लग गई। भीषण गर्मी में जाम में फंसे वाहन चालक परेशान दिखे। दुपहिया वाहन चालकों ने निकलने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। - वार्ड पांच में कुछ गलियों में पाइप लाइन डाली जानी है। क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व कुछ सड़कें बनी है, इसलिए काम रुका हुआ था। पाइप लाइन डालने की स्वीकृति मिल गई है, जल्द पाइप लाइन डालकर समस्या का निदान कराया जाएगा।
- शिवराज वर्मा, एई जलकल