28 कारखानों में शुरू हुआ चूड़ी उत्पादन
फीरोजाबाद जागरण संवाददाता। जुड़ाई श्रमिकों की हड़ताल के बीच बुधवार को शहर में करीब 28 चूड़ी कारखानों में चूड़ी उत्पादन शुरू हो गया। धीमे-धीमे काम काज पटरी पर लौटने से सेवायोजकों ने राहत की सांस ली है। वहीं प्रशासन की पहल के बाद श्रमिक भी काम पर लौटने लगे हैं।
फीरोजाबाद, जागरण संवाददाता। जुड़ाई श्रमिकों की हड़ताल के बीच बुधवार को शहर में करीब 28 चूड़ी कारखानों में चूड़ी उत्पादन शुरू हो गया। धीमे-धीमे काम काज पटरी पर लौटने से सेवायोजकों ने राहत की सांस ली है। वहीं प्रशासन की पहल के बाद श्रमिक भी काम पर लौटने लगे हैं।
कांच एवं चूड़ी उद्योग मजदूर संघ के आह्वान पर मजदूरी में बढ़ोत्तरी सहित अन्य मांगों को लेकर जुड़ाई श्रमिकों ने 15 अप्रैल से काम बंद हड़ताल कर दी है, जिससे पूरे शहर के हालात बिगड़ गए हैं। चूड़ी उत्पादन न होने से सेवायोजकों को दोहरा नुकसान हो रहा है। वहीं स्टॉक में माल खत्म होने से सैकड़ों व्यापारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। माल न मिलने के कारण सहालग व रमजान के लिए बुक हुए ऑर्डर कैंसिल करने पड़े। नकद भुगतान करने के बाद भी माल तैयार नहीं हो पा रहा। श्रमिक संगठन में दो फाड़ होने, श्रमिक नेताओं की गिरफ्तारी के बाद श्रमिकों में आक्रोश भड़का। विधायक आवास के घेराव के बाद डीएम ने मुख्यालय पर वार्ता बुलाई, जिसमें कोई ठोस निर्णय तो नहीं हुआ। मजदूरी में बढ़ोत्तरी के लिए सर्वे कराए जाने के आश्वासन से श्रमिकों में आक्रोश कम हुआ, जिससे श्रमिक काम पर लौटने लगे हैं। बुधवार को डीलक्स ग्लास, सर्वोदय ग्लास, नवजीवन ग्लास, अनूप ग्लास, पुरुषोत्तम ग्लास, सनराइज ग्लास, संतोष ग्लास सहित 28 कारखानों में काम शुरू हो गया। बाक्स--
डीएम ने जुड़ाई श्रमिकों के सर्वे को गठित की कमेटी
डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने जुड़ाई श्रमिकों के सर्वे के लिए कमेटी गठित कर दी है। मुख्यालय पर हुई वार्ता के दौरान श्रमिक नेताओं ने बताया कि यह परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए 2100 रुपये प्रति सैकड़ा तोड़ा मजदूरी कम है। दोनों पक्ष सर्वे कराने पर सहमत हुए। डीएम ने सर्वे के लिए गठित कमेटी में उपश्रमायुक्त आगरा, उपायुक्त उद्योग, सहायक श्रमायुक्त, क्षेत्रीय श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सहायक आयुक्त वाणिज्य कर, श्रमिक संगठन से अरविद पिप्पल, सोनेश कुमार चक, सेवायोजक पक्ष से हनुमान प्रसाद गर्ग, पीके झिदल, एनजीओ संगठन शामिल किए हैं। कमेटी को 15 दिन में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। 4500 रुपये प्रति सैकड़ा की दर से दिलाई जाए मजदूरी
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव धर्म सिंह यादव ने जुड़ाई श्रमिकों के संबंध में डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि जुड़ाई श्रमिकों को अध्यादेश 1982 के अनुसार 4500 प्रति सैकड़ा के हिसाब से मजदूरी दिलाई जाए। श्रमिकों को बैंक खाते के माध्यम से भुगतान किया जाए। आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। कांग्रेस नेता ने 10 दिन में समस्या समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।