Move to Jagran APP

सऊदी अरब पहुंचे भारत के सर्वाधिक हज यात्री

इस वर्ष हज करने के लिए सर्वाधिक यात्री भारत से सऊदी अरब पहुंचे। इस बार जीएसटी लागू होने और सब्सिडी खत्म होने का भी इन पर कोई असर नहीं पड़ा।

By JagranEdited By: Published: Mon, 27 Aug 2018 09:49 PM (IST)Updated: Mon, 27 Aug 2018 09:49 PM (IST)
सऊदी अरब पहुंचे भारत के सर्वाधिक हज यात्री
सऊदी अरब पहुंचे भारत के सर्वाधिक हज यात्री

राजीव शर्मा, फीरोजाबाद: इस वर्ष हज करने के लिए सर्वाधिक यात्री भारत से सऊदी अरब पहुंचे। भारतीयों पर हज यात्रा में सब्सिडी खत्म होने और जीएसटी की दोहरी मार पड़ने का भी कोई असर देखने को नहीं मिला। इस वर्ष देश से 1.75 लाख मुस्लिमों ने हज यात्रा की, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 19 हजार अधिक हैं।

loksabha election banner

हज के लिए भारत से हर साल हजारों यात्री सऊदी अरब जाते हैं। इस वर्ष यात्रा की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही भारत सरकार ने हज पर दी जाने वाली सब्सिडी पूरी तरह खत्म कर दी थी। वहीं यात्री किराए पर 18 फीसद जीएसटी भी लगा दिया, जिसके चलते हज यात्रा महंगी हो गई। इसके बाद माना जा रहा था कि यात्रियों की संख्या घट सकती है, लेकिन 24 अगस्त को हज यात्रा पूरा होने के बाद सऊदी सरकार द्वारा जारी आंकड़ों से पता चलता है कि हज के लिए वहां पूरी दुनिया से सर्वाधिक यात्री भारत से पहुंचे।

हज सेवा समिति के प्रदेश सचिव एवं चीफ मास्टर ट्रेनर मौलाना आलम मुस्तफा याकूबी ने सऊदी सरकार के आधिकारिक आंकड़ों के हवाले से बताया इस वर्ष 23.71 लाख से अधिक लोगों ने हज यात्रा की। इसमें से 6.13 लाख स्थानीय थे। बाकी 17.58 लाख यात्री दुनिया के अन्य देशों से आए। उनका दावा है कि इनमें से 1.75 लाख अकेले भारत के थे। जो अन्य देशों की तुलना में सबसे अधिक हैं। इनमें भी सबसे अधिक 32 हजार यात्री उत्तर प्रदेश के हैं।

--------

युवाओं की रुचि से बढ़ी संख्या :

मौलाना याकूबी का कहना है भारतीय युवाओं में हज को लेकर जागरूकता एवं रुचि बढ़ रही है। यही वजह है कि पिछले पांच वर्षो में यात्रा खर्च एक लाख रुपये बढ़ने के बाद भी भारतीय यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। पासपोर्ट बनने की प्रक्रिया सरल होने से भी हज यात्री बढ़ रहे हैं।

-------

अन्य देशों में घट रहे हज यात्री :

सऊदी सरकार के आंकड़े बताते हैं कि दुनिया के अन्य देशों से आने वाले हज यात्रियों की संख्या घट रही है। 2012 में जहां 31.61 लाख से अधिक हज यात्री सऊदी अरब पहुंचे थे, वहीं इस वर्ष 23.71 लाख यात्री ही पहुंचे। भारत ने बढ़ाया एशिया का भी आंकड़ा

सऊदी सरकार के आंकड़ों के मुताबिक भारत से हजयात्रियों की संख्या आश्चर्यजनक रूप से बढ़ने के चलते एशिया से सऊदी अरब पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या सर्वाधिक 10,49,496 रही। वहीं अरब देशों से 3,95,410, अफ्रीकी देशों से 166083, यूरोप से 88601, खाड़ी देशों से 34140 यात्री हज पर गए। सबसे कम 24992 हज यात्री उत्तर व दक्षिणी अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया से गए। सऊदी सरकार ने हज की व्यवस्था संभालने के लिए 2,87,300 अधिकारी व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई थी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.