उद्यमी के शोक में बंद रहा मक्खनपुर का बाजार, परिवार में कोहराम
फीरोजाबाद (जेएनएन): यमुना एक्सप्रेस वे पर हाथरस क्षेत्र में रविवार सुबह हुए हादसे में मक्खनपुर के उद्यमी की मौत हो गई, जबकि उनके साथी घायल हो गए। हादसा के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शोक में बाजार बंद रहा।
फीरोजाबाद (जेएनएन): यमुना एक्सप्रेस वे पर हाथरस क्षेत्र में रविवार सुबह हुए हादसे में मक्खनपुर निवासी उद्योगपति की मौत से कस्बा शोक में डूब गया। बाजार बंद रहा।
मक्खनपुर निवासी उद्योगपति मोहनकांत गुप्त (48) उर्फ बॉबी पुत्र सुशील गुप्ता निवासी शिवनगर अपने मित्र और आदर्श कांच उद्योग तथा मॉडर्न ग्लास इंडस्ट्रीज के स्वामी आशीष बंसल के साथ स्कोडा कार (यूपी 83 एक्यू 7257) से सुबह करीब आठ बजे दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। ब्रजेश ड्राइविंग कर रहा था।
खंदौली टोल प्लाजा से आगे हाथरस जिले की सीमा में दिल्ली से हरदोई जा रही टाटा सफारी अनियंत्रित होकर उनकी गाड़ी से टकरा गई। हादसे में बॉबी ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि आशीष और ब्रजेश घायल हो गए।
सुबह करीब नौ बजे हादसे की सूचना मिलते ही मृतक उद्योगपति के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में घटनास्थल और अस्पताल के लिए रवाना हो गए। शोक में कस्बे के बाजार भी नहीं खुले। बॉबी की कस्बा में जय मां वैष्णो लैंप नाम से बल्ब फैक्ट्री है। इसके अलावा वह कांच से बने सामानों के निर्यात भी करते थे।