अवैध संबंधों के शक में प्रेमी ने हत्या कर फेंका था शव
अवैध संबंधों के शक में प्रेमी ने हत्या कर फेंका था शव
संवाद सहयोगी, टूंडला: ढाई माह पूर्व महिला की हत्या कर शव को बंद मकान के बाहर फेंके जाने की घटना का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है। प्रेमी ने चरित्र पर शक होने के कारण साथी के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी। पति की मौत के बाद मृतका प्रेमी के साथ रहने लगी थी।
17 मार्च को पुलिस ने अज्ञात महिला का शव आगरा रोड स्थित पवित्र मैरिज के पास से बरामद किया था। ब्लेड से गला व ईट से सिर कुचलकर हत्या की गई थी। शव की पहचान आशा पत्नी संजय बाबू निवासी गांव नगला रामकुंवर थाना नारखी के रूप में हुई थी। इंस्पेक्टर जेएन अस्थाना ने बताया कि आशा के पति की मौत 16 जून 2019 को हो गई थी। जिसके बाद वह अपने प्रेमी नीरज पुत्र सुनहरीलाल निवासी संतनगर थाना लाइनपार फीरोजाबाद के साथ रहने लगी थी। मोबाइल पर बात करने को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा था। वह उसके चरित्र पर शक करता था। उसने अपने साथी योगेश पुत्र अशोक कुमार निवासी नई आबादी फूलबाड़ी, थाना दक्षिण फीरोजाबाद के साथ मिलकर उसे ठिकाने लगाने की योजना तैयार कर ली। 16 मार्च को वह झांसी काम करने की कहकर उसे ऑटो से टूंडला तक ले आया। जहां अंधेरा होने तक उसे घुमाता रहा। आधी रात के बाद नया ब्लेड लेकर योगेश भी टूंडला पहुंच गया। दोनों ने उसकी हत्या करने के बाद शव को बंद मकान के बरामदे में फेंक दिया और वहां से भाग गए। पुलिस ने दोनों को मुखबिर की सूचना पर नबाब चौराहा व नगला गोला कट से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर जेएन अस्थाना, ओमेन्द्र सिंह, कुलदीप सिंह आदि शामिल रहे।