सिर में गोली मार मजदूर ने की खुदकुशी
शिकोहाबाद के मुहल्ला वंशीनगर में रह रहे मूल रूप से कटैना हर्षा निवासी विवेक कुमार ने शुक्रवार रात गोली मारकर खुदकुशी कर ली। वह किसी बात को लेकर तनाव में था, लेकिन स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
संवाद सहयोगी, शिकोहाबाद: किसी बात को लेकर टेंशन में चल रहे मजदूर ने शुक्रवार देर रात घर के बाहर गली में गोली मार खुदकुशी कर ली। आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले तो खून से लथपथ उसका मृत शरीर पड़ा था। सूचना पर पुलिस पहुंची और मौके से तमंचा बरामद कर लिया। गोली कनपटी पर लगी है।
मूल रूप से जसराना थाना क्षेत्र के गांव कटैना हर्षा निवासी विवेक कुमार (25) पुत्र रामसनेही कुशवाह अपने भाई विनोद के साथ शिकोहाबाद के वंशीनगर स्थित अपने मकान में रहते थे। उनके बड़े भाई ओम¨सह राजस्थान के भीलवाड़ा में परिवार के साथ रहते हैं। विवेक और विनोद अविवाहित हैं और मजदूरी करते हैं। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात विवेक घर पहुंचा तो विनोद काम पर चला गया। रात करीब नौ बजे विवेक घर के बाहर स्थित मंदिर के चबूतरा पर जाकर बैठ गया। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो आसपास के लोग सन्न रह गए। कुछ लोग मंदिर के समीप पहुंचे तो विवेक लहूलुहान पड़ा था। लोग उसे अस्पताल ले जाते, कि मौत हो गई। सूचना पर भाई विनोद और प्रभारी इंस्पेक्टर जनवेद ¨सह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी की। पुलिस को शव के समीप से तमंचा मिला है। प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक कई दिनों से किसी बात को लेकर टेंशन में था। अभी कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।