औचक निरीक्षण में गायब मिले 154 कर्मी, वेतन कटा
सफाई कर्मियों की उपस्थित चेक करने 70 वार्डों में दौड़ी 22 टीमेंअधिकारियों ने वार्डों में पहुंच ली हाजिरी कर्मचारियों में खलबली
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: शहर की सफाई व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों की उपस्थित जानने को शनिवार को विशेष अभियान चला। सुबह आठ बजे से नगर आयुक्त सहित सभी अधिकारी वार्डों में दौड़े। इस दौरान कार्य क्षेत्र से कुल 154 कर्मचारी गायब मिले।
नगर निगम सीमा के अंतर्गत 70 वार्डों में 1600 से अधिक सफाई कर्मचारी तैनात हैं। इसके बाद भी शहर की सफाई व्यवस्था का हाल बुरा है। शहर के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों से लेकर गली-मोहल्लों में दिनभर गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। बारिश के मौसम में नाले-नालियां चोक होने से संक्रामक रोग दस्तक दे रहे हैं। नगर आयुक्त विजय कुमार ने सफाई कर्मचारियों के भौतिक सत्यापन को 70 वार्डों के लिए 22 टीमें गठित की गईं। अभियान की विशेष बात यह रही कि किसी अधिकारी को आवंटित वार्ड के बारे में नहीं बताया गया। उन्हें आवंटित वार्ड का बंद लिफाफा दिया गया। अभियान को पूरी तरह गोपनीय रखा गया।
वार्ड नंबर नौ बोधाश्रम में नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया तो वहां तीन कर्मचारी, वार्ड नंबर 29 टपाखुर्द में एक व वार्ड नंबर 15 दखल में एक कर्मचारी कार्य क्षेत्र से गायब मिला। दोपहर 3.30 बजे तक 22 टीम में शामिल अधिकारियों ने रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट के अनुसार कुल 154 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। नगर आयुक्त विजय कुमार ने बताया कि औचक निरीक्षण में गायब मिले सभी 154 कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा जा रहा है। उन्होंने सभी सेनेटरी इंस्पेक्टर, सुपरवाइजरों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वार्डों में तैनात सफाई कर्मचारियों की सौ फीसद उपस्थिति सुनिश्चित करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई होगी।