Indian Railways: दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर नहीं आएगी दिक्कत, टूंडला से गुजरेंगी आठ स्पेशल ट्रेनें
रेलवे दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। टूंडला स्टेशन ...और पढ़ें

Indian Railway News: ट्रेन की सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
टूंडला स्टेशन से होकर गुजरेंगी कुल आठ त्योहार स्पेशल ट्रेनें।
यात्रियों को दिल्ली, मुंबई, बिहार जैसे बड़े शहरों में मिलेगी सुविधा।
संवाद सूत्र, टूंडला (फिरोजाबाद)। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व पर ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इनमें टूंडला स्टेशन से होकर गुजरने वाली आठ स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
इन ट्रेनों के संचालन से टूंडला और आसपास के यात्रियों को दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, राजस्थान, गुजरात, मुंबई और बिहार की ओर आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।
प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा ने बताया कि सबसे अधिक फेरों वाली आनंद विहार टर्मिनल-पाटलिपुत्र त्योहार स्पेशल एक्सप्रेस एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन दैनिक होगी। इसका टूंडला में ठहराव नहीं है। लेकिन, टूंडला से सीधे जुड़ने वाली अन्य विशेष ट्रेनों से यात्रियों को बड़े शहरों तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा।
वहीं, गोमतीनगर-वलसाड स्पेशल ट्रेन आठ फेरा लेगी। गोमतीनगर से यह ट्रेन सोमवार को और वलसाड से मंगलवार को चलेगी। ट्रेन टूंडला स्टेशन पर रात 10 बजकर 40 मिनट पर आएगी। वापसी में वलसाड से गोमतीनगर जाने वाली ट्रेन टूंडला स्टेशन पर शाम साढ़े चार बजे आएगी। इसका संचालन पांच अक्टूबर से 24 नवंबर तक होगा।
बढ़नी-बांद्रा टर्मिनल अनारक्षित स्पेशल ट्रेन भी टूंडला होकर चलेगी। बढ़नी से गुरुवार को चलने वाली ट्रेन टूंडला सुबह नौ बजकर 35 मिनट पर आएगी। वापसी में बांद्रा टर्मिनल से आने वाली ट्रेन टूंडला सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर आएगी। यह ट्रेन आठ-आठ फेरा लगी। इसके साथ ही भगत की कोठी-दानापुर स्पेशल ट्रेन का भी टूंडला में ठहराव रहेगा।
भगत की कोठी से चलकर ट्रेन टूंडला सुबह चार बजकर पांच मिनट पर टूंडला स्टेशन आएगी वापसी में दानापुर से आने वाली ट्रेन टूंडला दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर आएगी।इसका संचालन सात अक्टूबर से 26 नवंबर तक होगा। यह ट्रेन भी आठ-आठ फेरा लेगी।
