जरूरत पड़ी तो भतीजे के सामने भी लडूंगा चुनाव: शिवपाल
प्रगतिशील सपा (लोहिया) के राष्ट्रीय संयोजक शिवपाल यादव ने कहा उन्होंने सपा में अपमान होने पर नई पार्टी बनाई है। यदि जरूरत पड़ी तो भतीजे (अक्षय यादव) के सामने भी चुनाव लड़ेंगे।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: प्रगतिशील सपा (लोहिया) के राष्ट्रीय संयोजक शिवपाल यादव ने कहा कि सपा में अपमान होने पर नई पार्टी बनाई है। यदि जरूरत पड़ी तो अपने भतीजे (अक्षय यादव) के सामने भी चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने भाजपा पर राम मंदिर को चुनावी मुद्दा बनाए रखने का आरोप लगाया।
शिवपाल यादव शुक्रवार को स्टेशन रोड स्थित जीआर प्लाजा में पार्टी के महानगर अध्यक्ष सेफुर रहमान के परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। यहां पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि इस बार वह सांसद का चुनाव लड़ेंगे। फीरोजाबाद से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा यदि जरूरत पड़ी तो वह यहां से प्रत्याशी बन सकते हैं। भतीजे सांसद अक्षय यादव के मुकाबले में चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा यह राजनीति है। इसके बाद भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि जब राम मंदिर का मामला कोर्ट में है, तो सभी को इंतजार करना चाहिए। सरकार को आम सहमति बनानी चाहिए, लेकिन भाजपा ने ऐसा नहीं किया। भाजपा इसे मुद्दा बनाए रखना चाहती है। भाजपा से गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर भाजपा टिकटों के बंटवारे में 50 फीसद हिस्सेदारी देगी तो विचार किया जा सकता है, अन्यथा की स्थिति में वह अपने प्रत्याशी उतारेंगे।
पूर्व विधायक के घर पहुंचे शिवपाल: शादी समारोह में शामिल होने से पहले शिवपाल मंजय यादव और पूर्व विधायक रामकिशन ददाजू के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान उनके साथ विजय प्रताप, मीना राजपूत, रघुराज सविता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।