राज्यपाल ने देखा सुहागनगरी का कांच और कारीगरों का हुनर
नगला भाऊ स्थित प्रगति ग्लास इंडस्ट्रीज में देखे ग्लास हैंडीक्राफ्ट कांच आइटम बनाने की समझी प्रक्रिया श्रमिकों से किया संवाद।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: सुहागनगरी में कांच और कारीगरों के हुनर को देखकर राज्यपाल हतप्रभ रह गईं। 1200 डिग्री पर पिघलते कांच और उससे आकार लेते सजावटी आइटम के बारे में उन्होंने विस्तार से जानकारी ली। एक्सपोर्टर और कारीगरों से बात के बाद उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का काफिला सुबह 11 बजे नगला भाऊ स्थित प्रगति ग्लास इंडस्ट्रीज पहुंची। उन्होंने आटोमैटिक मशीनों पर कांच आइटमों के बनाने की प्रक्रिया को बारीकी से समझा। वह आग उगलती भट्ठियों के सामने कारीगरों को कांच आइटम बनाते देखकर दंग रह गईं। फैक्ट्री स्वामी विजय दीप सिंह ने बताया कि जापानी पोट भट्ठी में कलर एंटीक आइटम तैयार किए जाते हैं। इन आइटमों का विदेशों में सबसे अधिक निर्यात होता है, जिससे भारत को विदेशी मुद्रा मिलती है। राज्यपाल ने कारखाने में काम कर रहे कारीगरों से संवाद किया, जिसमें कारीगरों को मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा। उन्होंने कारीगरों के हुनर की खुलकर तारीफ की। इसके साथ डिस्पले सेंटर में रखे विभिन्न तरह के कांच आइटम भी देखे। इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री स्वामी के परिजनों से भी बातचीत की। मौके पर सांसद डा. चंद्रसेन जादौन, शिकोहाबाद विधायक डा. मुकेश वर्मा, जसराना विधायक रामगोपाल लोधी, डीएम चंद्र विजय सिंह, एसएसपी अजय कुमार पांडेय सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। -जीएसटी दर 12 फीसद करने को उद्यमियों ने सौंपा ज्ञापन:
राज्यपाल आनंद बेन पटेल का लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष हेमंत अग्रवाल बल्लू, कोषाध्यक्ष विनोद चौहान ने स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कांच आइटमों पर जीएसटी की दर 18 फीसद से घटाकर 12 फीसद करने व उद्योग से जुड़ी समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा। राज्यपाल ने उद्योग से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। - राज्यपाल की बेटी ने हैंडीक्राफ्ट में दिखाई रूचि : राज्यपाल के साथ उनकी बेटी अनार पटेल भी आईं थीं। ग्लास फैक्ट्री के अलावा उन्होंने सुहाग नगर स्थित मार्गश्री इंटरप्राइजेज में एक्सपोर्ट आइटमों की डेकोरेशन, कलर व पेटिग देखी और कारीगरी के बारे में विस्तार से जानकारी ली। लगभग 40 मिनट तक यहां रहने के बाद वे करबला स्थित लेजर ग्लास इंटरनेशनल में कांच शोरूम व क्राउन ग्लास फैक्ट्री भी पहुंचीं।