महाअष्टमी पर देवी मां के दर्शन को उमड़ा आस्था का सैलाब
बुधवार को महाअष्टमी पर देवी पूजन के लिए आस्था का सैलाब उमड़ा। महागौरी की पूजा अर्चना की। कई लोगों ने हवन पूजन कर कन्याओं को भोज कराया।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: बुधवार को महाअष्टमी पर देवी पूजन के लिए आस्था का सैलाब उमड़ा। शहर व देहात से भी भक्त आए और पूजा अर्चना की। उपवास रखने वाली कुछ महिलाओं ने सुबह कन्याओं को भोज कराया। राहों पर नेजा चढ़ाने वालों की भीड़ रही।
नवरात्र महोत्सव में अष्टमी का विशेष महत्व होता है। नौ दिन का व्रत न रखने वाले महिला पुरुषों ने भी अष्टमी का व्रत रखा। मंदिरों में सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी। राज राजेश्वरी कैला देवी मंदिर एवं मां वैष्णो देवी धाम पर सुबह मंगला दर्शन के लिए महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पैदल ही पहुंचे। कई घरों में अष्टमी की पूजा अर्चना के बाद कन्याओं का पूजन किया गया। घरों से लेकर मंदिरों तक मां के जयकारे गूंजते रहे। गांव देहात से बड़ी संख्या में भक्तजन नेजा चढ़ाने के लिए पहुंचे। मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई।
जलेसर रोड स्थित मां काली देवी मंदिर पर फूल बंगला सजाया गया। पथवारी माता मंदिर पर भक्तों की भीड़ रही तो पेमेश्वर गेट स्थित मां काली देवी मंदिर पर भी भक्तों का जमावड़ा रहा। वैष्णो देवी धाम पर दर्शन के लिए भक्तों को घंटों लाइन में इंतजार करना पड़ा।
गांव-देहात में भी रही भीड़ : नवरात्र के अंतिम दिनों में गांव-देहात के देवी मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। हिम्मतपुर वाली माता के साथ में कई भक्तों ने अपने पैतृक गांव पहुंच कर देवी की पूजा अर्चना की। गांव देहात के मंदिरों पर कुलदेवी की पूजा के साथ में भक्तजनों द्वारा भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।