सैलई से शुरू हुआ गंगाजल की बर्बादी रोकने का अभियान
- जीएम व पार्षद प्रतिनिधि की मौजूदगी में बंद कराए एक दर्जन कनेक्शन अधिकारियों ने लोगों को कि
फीरोजाबाद, जासं: शहर में खुले कनेक्शनों के जरिए हर रोज हजारों लीटर गंगाजल नालियों में बह जाता है। इस बर्बादी को रोकने के लिए जलकल विभाग ने बुधवार से नई पहल की। अधिकारियों ने घर-घर जाकर लोगों को गंगाजल सहेजने के लिए जागरूक किया।
करोड़ों का बजट खर्च कर जेड़ाझाल नहर से शहर तक गंगाजल लाया गया है, लेकिन लोग उसकी कीमत नहीं समझ रहे हैं। शहर में सुबह-शाम गंगाजल की भरपूर आपूर्ति हो रही है। इस दौरान खुले कनेक्शनों के जरिए हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। इसे रोकने के लिए जलकल विभाग ने जागरूकता अभियान चलाने की मुहिम शुरू की है। जलकल जीएम आरबी राजपूत ने सुबह आठ बजे से अभियान की शुरुआत वार्ड एक सैलई से की। अभियान में एई शिवराज वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि के साथ कर्मचारी शामिल रहे। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को हर कनेक्शन पर टोंटी लगाने को जागरूक किया। उन्हें समझाया कि पानी भरने के बाद टोटी को बंद कर दें, जिससे क्षेत्र के दूसरे लोगों को पानी मिल सके। अभियान के दौरान एक दर्जन खुले कनेक्शन बंद किए गए। लोगों को चेतावनी दी कि दोबारा खुले कनेक्शन मिलने पर एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।