सफाईकर्मियों ने पालिका में दिया धरना
- धरने के दौरान शारीरिक दूरी तार-तार होती रही - बिना नोटिस धरना देने पर ईओ ने कर्मचारियों को दी चेतावनी
संवाद सहयोगी, शिकोहाबाद: लंबित मांगों को लेकर बुधवार को सफाई कर्मचारियों ने सुबह नगर पालिका में दो घंटे तक धरना- प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर कर्मचारियों की काफी भीड़ जुटी। इसमें अधिकांश कर्मचारी मास्क तक नहीं लगाए थे। धरने के दौरान शारीरिक दूरी तार-तार होती रही।
उप्र सफाई मजदूर संघ की अध्यक्ष राजवती ने अपनी मांगों को लेकर कहा कि नगर पालिका में कार्यरत समस्त संविदा व ठेका कर्मचारियों को समय पर वेतन दिया जाए, कर्मचारियों से दो शिफ्ट के बजाए एक शिफ्ट में काम कराया जाए, सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए अच्छे उपकरण दिए जाएं, सभी कर्मचारियों के कार्यों का विभाजन किया जाए। धरना स्थल पर अधिशासी अधिकारी को 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। इधर बिना नोटिस के नगर पालिका परिसर में धरना देने पर ईओ ने सख्त रुख अपनाया। उनका कहना है कि धरने के संबंध में किसी पदाधिकारी द्वारा नोटिस नहीं दिया गया। कोरोना काल में आर्थिक संकट के बारे में कर्मचारियों को पहले ही बता दिया है। इसके बावजूद प्रेशर बनाने के लिए धरना दिया गया, जो पूरी तरह गलत है। कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी कि बिना अनुमति धरना देने पर सख्त कार्रवाई होगी।