कॉलेज के पास उपकरण न दाम, बच्चे कैसे बनेंगे कलाम
- यदि उपकरण हैं तो जम रही धूल शिक्षकों का भी टोटा सीसीटीवी पड़े बंद - 15 दिसंबर से होने हैं यूपी बोर्ड के 12वीं और 10वीं के प्रैक्टिकल
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: यूपी बोर्ड के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं की रसायन, भौतिक एवं जीव विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 15 दिसंबर से शुरू होंगी, लेकिन जिले के अधिकांश स्कूलों की प्रयोगशालाएं इंतजामों के अभाव में बदहाली से जूझ रही हैं। इनके लिए विद्यालयों को बजट भी नहीं मिलता है। सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं तो कहीं उपकरणों पर धूल जम रही है। यहां तक कि कई जगह शिक्षकों का टोटा है।
इस बार आदेश दिए गए हैं कि हर प्रयोगशाला में परीक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इसके साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई जाए। उपकरण सहित आवश्यक व्यवस्थाएं हो, लेकिन सब जुगाड़ से चल रहा है। शनिवार को प्रयोगशालाओं की पड़ताल की तो अव्यवस्थाएं मिलीं।
तिलक इंटर कॉलेज में रसायन, भौतिक एवं जीव विज्ञान की प्रयोगशालाओं को देखकर लग रहा था कि वर्षों से कक्ष की पुताई नहीं हुई है। टूटी अलमारियों में उपकरण रखे हुए थे। प्रयोगशालाओं में हर तरफ मकड़ी के जाले लगे हुए थे। वर्षों पूर्व खरीदे गए उपकरणों पर धूल जमी थी। वॉशबेसिन भी बंद पड़े थे। सीसीटीवी कैमरा बंद पड़ा था।
प्राचार्य डॉ. उदयवीर सिंह का कहना था, कि प्रयोगशालाओं के लिए अलग से बजट नहीं मिलता है। छात्रों से मिलने वाली फीस से ही रखरखाव रखा जाता है।
पीडी जैन इंटर कॉलेज में भौतिक एवं रसायन की प्रयोगशालाएं हैं। दोनों प्रयोगशालाओं को देखकर लग रहा था कि परीक्षा को देखते हुए तैयारी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। पर्याप्त पानी की भी व्यवस्था नहीं थी। कुछ उपकरण मेजों पर रखे हुए थे, तो कुछ अलमारी में कैद थे। वॉशबेसिन भी नहीं थे। बिना नाम छापने की शर्त पर शिक्षकों ने बताया कि अलग से बजट नहीं मिलने के कारण व्यवस्था बदहाल है।
गोपीनाथ इंटर कॉलेज में प्रयोगशालाएं हैं, लेकिन वनस्पति और रसायन विज्ञान के शिक्षक ही नहीं हैं। प्रधानाचार्य अजय कुमार ने बताया कि वनस्पति विज्ञान के 2013 एवं रसायन विज्ञान के 2007 से शिक्षक नहीं हैं।
टूंडला के दीनबंधु इंटर कॉलेज में प्रयोगशाला के नाम पर सिर्फ विज्ञान कक्ष है। प्रभारी प्रधानाचार्य पूनम सिंह ने बताया कि सीडीओ नेहा जैन ने प्रधानाचार्य यतेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया था। एक माह पहले ही चार्ज मिला है। कॉलेज में प्रयोगशाला नहीं होने की स्थिति से सीडीओ को अवगत करा दिया है। शिकोहाबाद के पाली इंटर कॉलेज में जीव विज्ञान, भौतिक, रसायन, कृषि विज्ञान की प्रयोगशालाएं हैं। किसी भी प्रयोगशाला में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे और उपकरणों पर धूल जम रही थी। नहीं खरीदे डीएनए टेस्ट के उपकरण:
सरकार ने इस बार जीव विज्ञान प्रयोगशाला में डीएनए टेस्ट के उपकरण खरीदने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके लिए अलग से बजट उपलब्ध नहीं कराया गया है। महंगे होने के कारण किसी भी प्रयोगशाला में डीएनए टेस्ट के उपकरण नहीं खरीदे गए हैं।
-----
सभी कॉलेजों की प्रयोगशालाओं में मानक के अनुरूप व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए थे। अब निरीक्षण कर स्थिति का पता किया जाएगा। अगर कहीं खामियां मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
रीतू गोयल, डीआइओएस