जमीन के विवाद में किसान को मारी गोली
फीरोजाबाद जागरण संवाददाता। मटसेना थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम जमीन के विवाद में युवकों ने किसान पर फायर कर दिया। पीठ में गोली लगने से वह घायल हो गए। आनन-फानन में परिजन सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आए। किसान के पुत्र ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
फीरोजाबाद, जागरण संवाददाता। मटसेना थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम जमीन के विवाद में युवकों ने किसान पर फायर कर दिया। पीठ में गोली लगने से वह घायल हो गए। आनन-फानन में परिजन सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आए। किसान के पुत्र ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
गांव बालचंदपुर निवासी कप्तान सिंह (60) पुत्र लल्लू सिंह ने नौ वर्ष पूर्व करकौली में महफूज अली से जमीन खरीदी थी। इसी जमीन को लेकर कप्तान सिंह का रामप्रीत, रामनरेश आदि से विवाद चला आ रहा है। गुरुवार को कप्तान सिंह का पुत्र विजय कुमार अपने परिजनों के साथ खेत पर पहुंचा और ट्रैक्टर से जुताई करवाने लगा। यह देखकर रामप्रीत भी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। जानकारी मिलने पर कप्तान सिंह भी मौके पर पहुंच गए। विजय कुमार का आरोप है कि बीच बचाव करते समय रामप्रीत आदि ने फायर कर दिया। पीठ में गोली लगने से पिता घायल हो गए। उक्त लोग दो लाख रुपये की मांग करते हैं। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।