मैया की प्रतिमा विसर्जित करते भीगी हुईं पलकें
फीरोजाबाद जेएएन। नौ दिन से चल रहे नवरात्रि महोत्सव के बाद विभिन्न स्थानों पर पंडालों में स्थापित की गई देवी प्रतिमाओं का पूजा अर्चना के साथ विसर्जन किया गया। श्रद्धालु अबीर गुलाल उड़ाते हुए भजनों पर झूमते हुए चल रहे थे। सदर तहसील क्षेत्र के रसीदपुर कनेटा चंद्रवाड़ एवं सोफीपुर में बनाए गए तालाब में और टूंडला के मुहम्मदाबाद में प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ।
फीरोजाबाद, जेएएन। नौ दिन से चल रहे नवरात्रि महोत्सव के बाद विभिन्न स्थानों पर पंडालों में स्थापित की गई देवी प्रतिमाओं का पूजा अर्चना के साथ विसर्जन किया गया। श्रद्धालु अबीर गुलाल उड़ाते हुए भजनों पर झूमते हुए चल रहे थे। सदर तहसील क्षेत्र के रसीदपुर कनेटा, चंद्रवाड़ एवं सोफीपुर में बनाए गए तालाब में और टूंडला के मुहम्मदाबाद में प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ।
नवरात्र महोत्सव में शहर में सौ से अधिक स्थानों पर दुर्गा मां की प्रतिमाएं स्थापित कराई गई थीं। मंगलवार की सुबह सुहाग नगर, महावीर नगर, करबला, हिमायूंपुर, पेमेश्वर गेट, आसफाबाद, रसूलपुर, जलेसर रोड सहित अन्य सभी स्थानों पर सजाए गए पंडालों में हवन पूजन हुआ। उसके बाद छोटे और बड़े वाहनों में दुर्गा मैया की प्रतिमा रखकर विसर्जन यात्राएं शुरू हुईं। महिलाएं, पुरुष, युवा, किशोरी एवं बच्चे मैया के भजनों पर झूमते हुए चल रहे थे। एसडीएम सदर राजेश वर्मा की निगरानी में रसीदपुर कनेटा, चंद्रवाड़ एवं सोफीपुर में बनाए गए तालाब पर विसर्जन का सिलसिला देर शाम तक चला। विसर्जन के दौरान कई श्रद्धालु भावुक हो गए। उनकी आंखें नम हो गईं।
टूंडला में पूजा अर्चना के बाद देवी प्रतिमाओं को पंडाल से निकालकर झांकियों के रूप में सजाया गया। नगर भ्रमण कराने के बाद श्रद्धालुओं ने मुहम्मदाबाद की ओर रूख किया। इस दौरान राहें अबीर गुलाल से रंग बिरंगी हो गईं। विद्या संबंर्धिनी में प्रसाद का वितरण किया गया। देर शाम तक नगर में प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाने की भीड़ लगी रही। इस दौरान राहें मां की भेटें और लांगुरिया के भजन गूंजते रहे। सुरक्षा को लेकर व्यापक पुलिस बल तैनात रहा।