हड़ताल से भाव खाने लगे फल
ट्रक कारोबारियों की हड़ताल का सबसे ज्यादा असर फलों की कीमतों पर पड़ा। इसको लेकर भाव भी बढ़ गए हैं। सब्जी मंडी में आ रहे लोग कीमतें सुन लौटने लगे हैं।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी, टोल टैक्स, सहित अन्य मांगों को लेकर ट्रांसपोर्टर पिछले तीन दिन से चक्का जाम आंदोलन कर रहे हैं। यूं तो सभी कारोबार थोड़े-बहुत प्रभावित है, लेकिन सबसे बड़ा असर फल मंडी पर है। आवक पूरी तरह से थम गई है। रोज आने वाले फल नहीं आ रहे हैं तो तीन दिन में स्टॉक भी खत्म हो गया है। रविवार को कई दुकानें तो खुली भी नहीं। इधर बाजार में फल नहीं आने से कीमतें बढ़ गई हैं। दो दिन में कई फलों पर 20 से 30 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोत्तरी हुई है।
जिले के ट्रांसपोर्टर भी हड़ताल हैं। हाईवे पर ट्रक नहीं दौड़ रहे हैं। यूं तो सभी कारोबार बंद हैं। चूड़ी का माल गोदामों में ही रखा रह गया है। बाहर के कारोबारी फोन कर रहे हैं, लेकिन फल मंडी में हड़ताल से सन्नाटा फैल गया है। रविवार को दैनिक जागरण टीम ने मंडी का हाल जाना। अधिकांश आढ़तियों की दुकानें बंद मिली। आढ़तिया ताज मोहम्मद का कहना था कि ट्रांसपोर्टरों ने हड़ताल करने की पहले से जानकारी नहीं दी। हड़ताल होने से मंडी में फलों की आवक नहीं हो रही। पिछले तीन दिन से मंडी में कोई गाड़ी नहीं आई है। व्यापार पूरी तरह से ठप है। अगर ट्रांसपोर्टरों ने जल्द हड़ताल वापस नहीं ली तो लोग फलों के लिए तरस जाएंगे। बाजार में आम एवं केला का संकट खड़ा हो गया है। जिन छोटे दुकानदारों के पास पुराना स्टॉक है वही बिक्री कर रहे हैं या फिर छोटी गाड़ियों से जो थोड़ा माल आ रहा है, उसकी कीमत बढ़ी हुई है।
किराना व्यापार पर नहीं पड़ा असर : ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल का असर किराना व्यापार पर अभी तक नहीं पड़ा है। सभी व्यापारियों के यहां स्टॉक है। किराना मंडी में थोक व्यापारी दीपक गुप्ता का कहना था कि व्यापार मंदा है। सभी माल का स्टॉक होने के कारण ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल का असर देर से आएगा।
स्थानीय स्तर से हो रही सब्जी की आपूर्ति :फीरोजाबाद में सब्जी मंडी पर खास फर्क नहीं है। जसराना, सिरसागंज, शिकोहाबाद आदि स्थानों से मंडी में छोटे वाहनों से सब्जी आ रही है। जिसके कारण इसके भाव पर भी असर नहीं पड़ा है। रविवार को टमाटर 20, अरबी 30, आलू 20, प्याज 20, तोरई 20, बैंगन 10, ¨भडी 20, कच्चा केला 20 और हरी मिर्च 30 रुपये प्रति किग्रा बिकी।
कीमतें इतनी बढ़ी :
* फल बुधवार रविवार * सेब 190 220* केला 30-35 40-45* अनार 60 70* मौसमी 50 60* पपीता 40 50