फिरोजाबाद में युवक की बेरहमी से हत्या, फोन कर मिलने बुलाया फिर सिर और निजी अंग ईंटों से कुचले
फिरोजाबाद में एक युवक की ईंटों से सिर और निजी अंग कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक को ...और पढ़ें
-1787580138148_m.webp)
कमल का फाइल फोटो इनसेट में।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। फोन कर युवक को बुलाने के बाद पहले उसकी पिटाई की गई। सिर और निजी अंग पर ईंट से कुचलकर युवक की सनसनीखेज हत्या की गई। शव को रामगढ़ क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट में फेंक दिया गया। इसके बाद ऊपर से भी उसे ईंट फेंककर मारी गईं।
आगरा के एत्मादपुर का रहने वाला युवक परिचित का फोन आने पर ननिहाल जाने की बात कहकर घर से फिरोजाबाद आया था। सोमवार को मोर्चरी पर पहुंचे स्वजन ने शव की शिनाख्त की। पुलिस प्रेम प्रसंग के चलते हत्या किए जाने की दिखा में भी जांच कर रही है। पिता की ओर से नामजद युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
चिश्ती नगर निवासी हसन का सांती रोड पर नगला गुलरिया टावर वाली गली में मकान का निर्माण हो रहा है। रविवार सुबह हसन वहां पहुंचे, मकान के बेसमेंट में युवक का शव मिला था। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। शिनाख्त न होने पर युवक के शव को पुलिस ने मोर्चरी में रखवाया था।
सोमवार को आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र के गांव नगला कैसरी निवासी पप्पू ने शव की शिनाख्त 20 वर्षीय बेटे कमल के रूप में की। शनिवार रात युवक की हत्या सिर और निजी अंग को ईंट से कुचलकर की गई थी। इसके शव को बेसमेंट में फेंक दिया गया। बेसमेंट में जीना न होने के कारण हमलावर ने ऊपर से भी युवक को ईंटें फेंककर मारीं।
पिता पप्पू ने बताया कि नगला गुलरिया रामगढ़ निवासी आकाश का फोन आने के बाद बेटा कमल 22 अगस्त की रात नौ बजे घर से रामगढ़ क्षेत्र के हलपुरा स्थित अपनी ननिहाल जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। इस बीच उसका मोबाइल भी बंद हो गया। दूसरे दिन सुबह भतीजे रवि ने आरोपित आकाश को फोन करके कमल के बारे में पूछा तो वह टालमटोल करने लगा।
फिर अपना मोबाइल बंद कर लिया। स्वजन तलाश में जुटे थे, तभी निर्माणाधीन मकान में शव मिलने की जानकारी हुई। इस पर पिता ने स्वजन के साथ सोमवार को मोर्चरी पहुंचकर शव की शिनाख्त की। पिता पप्पू ने आकाश के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर रामगढ़ संजीव कुमार दुबे ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रेम संबंध में हत्या किए जाने के संबंध में भी जांच की जा रही है।
