फिरोजाबाद: शराब पीकर अक्सर पीटता था पति, पत्नी ने गला दबाकर मार डाला
फिरोजाबाद में शराब पीकर रोज झगड़ा करने वाले पति की पत्नी ने गला दबाकर हत्या कर दी। उसने आत्महत्या की ...और पढ़ें

पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार पत्नी।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। रोज-राेज शराब पीकर पति के घर आने और झगड़ा करने से परेशान पत्नी ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद फंदे से लटक कर आत्महत्या करने की झूठी कहानी बनाकर सास-ससुर और पुलिस को तीन दिन तक गुमराह करती रही।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच ने मामले का पर्दाफाश कर दिया। सोमवार रात पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला सिरसागंज के गांव गुरैया सोहेलपुर का है। 27 वर्षीय शिवम उर्फ राहुल तीन बहनों के इकलौते भाई थे। वह मजदूरी करते थे। उसी से परिवार का खर्च चलता था।
वह प्रतिदिन शराब पीकर घर आते और पत्नी प्रीति की पिटाई करते। शुक्रवार रात आठ बजे भी शराब पीकर घर पहुंचे। माता-पिता नीचे थे। वह ऊपर अपने कमरे में चले गए। वहां उनका प्रीति से विवाद हुआ। शिवम ने उसे पीटा तो प्रीति ने उन्हें पलंग पर गिरा लिया।इसके बाद सीने पर बैठकर गला दबा दिया। शरीर ढीला पड़ने पर वह नीचे आ गई।
खाना खाया और गृहस्थी का काम किया। एक घंटे बाद ऊपर गई तो शिवम को मृत पड़ा देखा। इसके बाद उसने सास मुन्नी देवी और ससुर बलदेव सिंह को आवाज दी और रोते हुए शिवम के फंदे से लटक कर जाने की बात कही।
स्वजन शिवम को नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो घटनास्थल पर फंदे जैसी कोई चीज दिखाई नहीं दी। वही शिवम के भाई ने जहरखाकर जान देने की तहरीर दी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि शिवम की मृत्यु गला घोंटने से हुई है। पुलिस का पहला शक प्रीति पर ही गया।
इसलिए उसके मोबाइल फोन की डिटेल खंगाली गई, लेकिन घटना में किसी और के शामिल होने की बात सामने नहीं आई। इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि सोमवार रात प्रीति को शेरपुर तिराहा से गिरफ्तार कर पूछताछ की।
उसने बताया कि झगड़े के दौरान पति का गला दबा दिया था। उसका इरादा हत्या करने का नहीं था, लेकिन शिवम ने उसके बाल पकड़ रखे थे। बचाव के लिए उसने उनका गला पकड़ लिया। इसी दौरान वह गिर गए।
नशेबाजी के लिए बेच दिया था खेत
प्रीति ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसकी शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी। उनके कोई बच्चा नहीं है। पति को शराब पीने की आदत थी। वह जो भी कमाते थे, शराब पर खर्च कर देते थे। खेत भी बेच चुके थे।
अक्सर इसको लेकर विवाद होता था। उसकी हरकत से सभी परेशान थे। घटना वाले दिन भी शिवम शराब पीकर घर पहुंचे। उसने विरोध किया तो शिवम ने उस पर हाथ छोड़ दिया।
