विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद: चोरी के शक में पति पुलिस हिरासत में, पत्नी ने तोड़ा प्रसव के बाद दम

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 14 Sep 2026 12:16 PM (IST)

फिरोजाबाद के लाभोआ गांव में चोरी के मामले में पति को हिरासत में लिए जाने के बाद उसकी गर्भवती पत्नी ...और पढ़ें

फिरोजाबाद में महिला की मौत के बाद विलाप करते परिजन।

फिरोजाबाद में महिला की मौत के बाद विलाप करते परिजन।

HighLights

  1. गर्भवती पत्नी की प्रसव के बाद हालत बिगड़ी और मृत्यु।

  2. स्वजनों ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गांव लाभोआ में परचून की दुकान में हुई चोरी के मामले में पूछताछ के लिए युवक को हिरासत में लिए जाने के बाद उसकी गर्भवती पत्नी की डिलीवरी के बाद हालत बिगड़ गई। उपचार के दौरान महिला की मृत्यु हो गई।

घटना से आक्रोशित स्वजन ने पुलिस पर युवक को बिना प्राथमिकी दर्ज किए जबरन हिरासत में लेने का आरोप लगाते हुए थाने पहुंचकर विरोध जताया। गांव लाभोआ में दो दिन पहले परचून की दुकान में चोरी की घटना हुई थी। आरोप है कि पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए रविवार रात करीब 12 बजे गांव के गौरव समेत दो लोगों को हिरासत में लिया था

इसी दौरान गौरव की गर्भवती पत्नी अंजली की हालत बिगड़ गई। स्वजन उसे प्रसव के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे महिला ने बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उपचार किया, लेकिन महिला की मृत्यु हो गई।

महिला की मृत्यु की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन ने महिला की मृत्यु के लिए पुलिस की कार्रवाई को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि चोरी के मामले में बिना प्राथमिकी दर्ज किए गौरव को जबरन पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। घटना से नाराज स्वजन थाने पहुंचे और पुलिस के सामने अपनी आपत्ति जताई।
पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना की जांच के दौरान पूछताछ के लिए दो लोगों को थाने लाया गया था। महिला की मृत्यु के संबंध में चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।