पति को धमकाने के लिए बुलाई PRV, पुलिसकर्मियों ने कर दी पिटाई; फिरोजाबाद में शिकायत से पलटी पत्नी
शिकोहाबाद में पत्नी ने शराबी पति को धमकाने के लिए 112 पर कॉल किया, लेकिन पीआरवी कर्मियों ने पति की ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
संवाद सूत्र, शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। शराब पीकर घर आए पति ने पत्नी से अभद्रता कर दी। गुस्से में पत्नी ने पति को धमकाने के लिए 112 पर काॅल करके पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) को बुला लिया। समझाने की जगह पुलिसकर्मियों ने युवक की पिटाई कर दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही पत्नी ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ थाने में शिकायत की है। गांव मलिखानपुर निवासी फूलन देवी का आरोप है कि रविवार रात पति नरेंद्र शराब पीकर घर आए और झगड़ा करने लगे। फूलन देवी ने डायल 112 पर शिकायत की। सूचना मिलते ही पीआरवी मौके पर पहुंच गई।
थाने चलने के लिए कहने पर नरेंद्र की पुलिसकर्मियों से कहासुनी हो गई। पत्नी का आरोप है कि आक्रोशित पुलिसकर्मियों ने पति को डंडों से जमकर पीटा। पत्नी का कहना है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों को रोकने की कोशिश की, कहा कि वह कार्रवाई नहीं चाहती हैं। इसके बाद भी पुलिसकर्मी पति को पीटते रहे।
पति की हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। फूलन देवी पति को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। फूलन देवी का कहना है कि उन्होंने पुलिस को सिर्फ पति को धमकाने के लिए बुलाया था, जिससे वह शांत रहें। लेकिन पुलिसकर्मियों ने बेरहमी से मारपीट की। फूलन देवी ने पुलिसकर्मियों की शिकायत थाने में की।
इसके बाद सोमवार को एसआइ योगेश कुमार ने अस्पताल पहुंचकर दंपती के बयान दर्ज किए। इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
