विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद में SIR के बाद भी वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, कई मतदाताओं के 4 बूथों पर नाम

Published: Sat, 24 Oct 2026 09:22 PM (GMT+05:30)

फिरोजाबाद की सदर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं।

एसआइआर के बाद भी मतदाता सूची में गंभीर कमियां

एसआइआर के बाद भी मतदाता सूची में गंभीर कमियां 

HighLights

  1. परिवार के नाम मतदाता सूची में अलग-अलग स्थानों पर

  2. एक ही मतदाता के कई बूथों पर नाम दर्ज

  3. विशेष पुनरीक्षण अभियान के बावजूद गड़बड़ियां बरकरार

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। सदर विधानसभा क्षेत्र का मोहल्ला लेबर कॉलोनी। शनिवार दोपहर यहां बूथ नंबर 174 की मतदाता सूची देखने आए लोग परेशान हो गए।

एक ही परिवार के लोगों के नाम देखने में आधा-आधा घंटा लग रहा था। सूची में क्रम संख्या 73 पर ब्लाक 67 में रहने वाले मोहम्मद खान, 74 नंबर पर ब्लॉक 12 में रहने वाली दीक्षा और 75 नंबर पर ब्लॉक 16 में रहने वाले आमिर हसन का नाम अंकित था। यानी न परिवार का ध्यान रखा गया और न ब्लॉक का।

इस तरह के एक नहीं दर्जनों नाम हैं। एक-एक नाम देखने के लिए सूची के पूरे पन्ने पलटने पड़ रहे थे। मतदाता सूची देखने आए क्षितिज अग्रवाल और सलीम खान ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ अभियान (एसआइआर) के बाद भी मतदाता सूची की गड़बड़ियां दूर नहीं हुई हैं।

एसआइआर के बाद तैयार मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। शनिवार को बूथों पर विशेष शिविर लगाए गए। बीएलओ मतदाता सूची लेकर बैठे।

इस दौरान प्रशासन का जोर छूटे हुए और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर रहा। वहीं सपा और अन्य विपक्षी दल डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने के लिए सक्रिय दिखे। कई बूथों पर इनके पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिखाई दिए।

एक-एक मतदाता का चार-चार बूथों पर नाम

एसआइआर के बाद भी मतदाता सूची में गंभीर कमियां हैं। इसके कई उदाहरण शनिवार को देखने को मिले। मानव दयाल हायर सेकेंडरी स्कूल में बने मतदान केंद्र में बूथ संख्या 345 पर क्रम संख्या 909 पर अमित कुमार पुत्र अशोक कुमार का नाम दर्ज है।

उनका मतदाता पहचान पत्र नंबर yef 6684864 है। अमित कुमार का नाम बूथ संख्या 421 में क्रम संख्या 767, बूथ संख्या 412 में क्रम संख्या 76 और बूथ संख्या 385 में क्रम संख्या 158 पर भी दर्ज है।

चारों जगह पहचान पत्र संख्या अलग-अलग है। इसी तरह बूथ संख्या 344 में क्रम संख्या 450 पर राहुल कुमार पुत्र राजकुमार का नाम दर्ज है। उनका नाम इसी बूथ पर क्रम संख्या 1075 के साथ ही बूथ संख्या 379 में भी है।

यह भी पढ़ें- वोटर लिस्ट विवाद में कूदे 80 वैज्ञानिक, चुनाव आयोग से चिट्ठी में कहा- तुरंत बंद करे SIR प्रक्रिया