फिरोजाबाद: कानपुर-आगरा हाईवे पर टोल प्लाजा के पास दो ट्रकों में भीषण टक्कर, एक हुआ जलकर राख
फिरोजाबाद के टूंडला में टोल प्लाजा के पास नेशनल हाईवे पर दो ट्रकों की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ...और पढ़ें
संवाद सूत्र, टूंडला (फिरोजाबाद)। नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा के पास सोमवार रात खराब खड़े ट्रक में पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे टक्कर मारने वाले ट्रक में आग लग गई। घटना से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। यातायात भी प्रभावित हो गया। खराब खड़े ट्रक को चेक कर रहा क्लीनर घायल हो गया। दमकल की दो गाड़ियों ने एक घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
चालक अजय कुमार निवासी प्रतापगढ़ ने बताया वह ट्रक में खाली प्लास्टिक की क्रेट लादकर कोलकाता से गुरुग्राम जा रहे थे। सोमवार रात 12 बजे टोल प्लाजा के पास पहुंचे झपकी लगने से उनका ट्रक हाईवे किनारे खड़े खराब ट्रक से टकरा गया। इसके बाद उनके ट्रक में आग लग गई। किसी तरह अजय ने केबिन से कूदकर खुद को बचाया।
टक्कर से खराब खड़े ट्रक के क्लीनर इब्राहिम निवासी नूंह, हरियाणा घायल हो गए। ट्रक से लपटें उठतीं देख हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंच गई। एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग में ट्रक के साथ ही उसमें भरी प्लास्टिक की क्रेट भी जलकर राख हो गईं। ट्रक के पीछे के हिस्से में लगे लाक को बैकहो लोडर से तोड़ा गया।
तब जाकर आग पूरी तरह बुझ सकी। पुलिस ने घायल इब्राहिम को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। वहीं आग बुझने तक वाहनों को हाईवे के दूसरी तरफ से निकाला गया। इंस्पेक्टर बैजनाथ सिंह ने बताया कि क्लीनर को ज्यादा चोट नहीं आई है। दो फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
