विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टूंडला विधायक बोल रहा हूं...बार-बार बताना पड़ेगा क्या; बैंक मैनेजर से नोकझोंक का ऑडियो वायरल

By Yogesh Chauhan Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 21 Oct 2026 02:46 PM (IST)

टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर और पंजाब एंड सिंध बैंक प्रबंधक प्रहलाद मंगल के बीच किसान क्रेडिट कार्ड ऋण को लेकर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

संवाद सूत्र, टूंडला (फिरोजाबाद)। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से लिए ऋण की बकाया राशि को लेकर विधायक और पंजाब एंड सिंध बैंक की स्टेशन रोड शाखा के प्रबंधक के बीच फोन पर नोकझोंक हो गई। बातचीत का दो मिनट, 13 सेकंड का आडियो मंगलवार शाम को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। ऋण धारक दंपती की शिकायत के बाद विधायक ने प्रबंधक से बात कर मामले का निपटारा करने को कहा था।

नगला सिंघी क्षेत्र के धीरपुरा निवासी ममता और उनके पति सियाराम ने विधायक से शिकायत की थी। दंपती के अनुसार उन्होंने वर्ष 2016 में केसीसी से पांच लाख रुपये का ऋण लेने के लिए आवेदन किया था, लेकिन उन्हें केवल चार लाख रुपये ही मिले। उनका दावा है कि वे ब्याज समेत रकम बैंक में जमा कर चुके हैं, इसके बावजूद बैंक की ओर से पांच लाख रुपये के ऋण पर ब्याज सहित भुगतान करने को कहा जा रहा है।

शिकायत के बाद विधायक प्रेमपाल धनगर ने शाखा प्रबंधक प्रहलाद मंगल को फोन किया। नेटवर्क की कमी के कारण आवाज साफ नहीं आई। इसके बाद बोले कि टूंडला विधायक बोल रहा हूं.. .बार-बार परिचय देना पड़ेगा क्या। प्रसारित आडियो में विधायक ने चार लाख रुपये मिलने के दावे के बीच पांच लाख रुपये की वसूली पर आपत्ति जताते हुए पारदर्शी तरीके से हिसाब-किताब कर प्रकरण का निस्तारण करने की बात कही।

शाखा प्रबंधक ने भी नेताओं पर आरोप लगाए। जिस पर विधायक ने आपत्ति जताई। विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने कहा कि क्षेत्र की जनता अपनी समस्याएं लेकर जनप्रतिनिधियों के पास आती है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों का दायित्व है कि वे शिकायतों को सुनकर उनका समाधान करें।

उन्होंने बैंक प्रबंधक के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मामले की शिकायत बैंक के उच्चाधिकारियों और जिलाधिकारी से की जाएगी। वहीं, शाखा प्रबंधक ने दंपती को बकाएदार बताते हुए कहा कि उन्हें ब्याज सहित ऋण की राशि बैंक में जमा करनी होगी।