विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद ट्रामा सेंटर में छूट भागा सांप, मची खलबली; काटने पर सपेरा ले आया था साथ

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 18 Sep 2026 05:08 PM (IST)

सपेरे को सांप के काटने के बाद वह उसे डिब्बे में बंद कर फिरोजाबाद के सरकारी ट्रामा सेंटर ले गया, ...और पढ़ें

ट्रामा सेंटर में भागे हुए सांप की तलाश करते लोग। इनसेट में डिब्बा में बंद सांप।

ट्रामा सेंटर में भागे हुए सांप की तलाश करते लोग। इनसेट में डिब्बा में बंद सांप।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। डसने के बाद सपेरा सांप को डिब्बे में बंद करके गुरुवार रात सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंच गया। डाक्टर इलाज कर ही रहे थे तभी डिब्बा अचानक खुल गया और सांप मेडिकल इंटेंसिव केयर यूनिट (एमआइसीयू) में भाग गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

इस बीच इलाज कराने आया युवक और तीमारदार भी वहां से भाग निकले। डर के कारण मेडिकल स्टाफ, तीमारदार बेड पर चढ़ गए। दहशत में आए मरीज भी अपने बेड पर बैठ गए। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वार्ड को खाली कराकर सांप की तलाश की गई।

चार घंटे तक सांप की तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद पूरे वार्ड की धुलाई कराई गई। स्टाफ और तीमारदारों को सावधान रहने के लिए गया है।

टूंडला के गांव जरौली कला निवासी सपेरा वसीम को गुरुवार रात आठ बजे सांप ने हाथ में काट लिया था। सांप को डिब्बे में बंद करके वसीम स्वजन के साथ रात साढ़े आठ बजे सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचे। एमआइसीयू डाक्टर उसका इलाज कर रहे थे, तभी किसी तरह डिब्बे का ढक्कन खुल गया और सांप निकलकर बेड के नीचे भाग गया

इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मेडिकल स्टाफ वार्ड से बाहर की ओर भाग आया। कुछ स्वास्थ्यकर्मी और तीमारदार बेड पर चढ़ गए। स्टाफ में शामिल कुछ युवाओं ने वार्ड में सांप की तलाश शुरू की। कार्रवाई के डर से वसीम अपने तीमारदारों के साथ अस्पताल से भाग निकला। सीएमएस की सूचना पर वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची।

वार्ड के साथ ही आसपास सांप की तलाश की गई। चार घंटे तक वार्ड में सांप की तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद पूरे वार्ड की धुलाई की गई। सीएमएस डा. नवीन गुप्ता ने स्टाफ कर्मियों को अलर्ट रहने की सलाह दी।

सीएमएस ने बताया कि वन विभाग की टीम, सांप पकड़ने वालों को बुलाया गया था। सांप नहीं मिला। लोगों से अपील है कि अस्पताल में सांप लेकर न आएं। ज्यादा जरूरत हो तो डाक्टर को दिखाने के लिए फोटो खींच लाएं।