विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद में दर्दनाक हादसा, घर में खेलते समय पानी से भरी बाल्टी में गिरकर मासूम की मौत

By Neelesh Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 21 Sep 2026 09:29 PM (IST)

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां नगला गुलाल गांव में डेढ़ वर्षीय मासूम प्रशांत घर के आंगन ...और पढ़ें

बाल्टी में डूबने से मृतक डेढ़ साल के मासूम प्रशांत का फाइल फोटो।

बाल्टी में डूबने से मृतक डेढ़ साल के मासूम प्रशांत का फाइल फोटो।

संवाद सूत्र, शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। मां-बाप ने न जाने कितने सपने संजोये थे। पलभर में सब टूट गए। गांव नगला गुलाल में सोमवार सुबह घर में खेलते समय डेढ़ वर्षीय इकलौते बेटे की घर के आंगन में रखी पानी से भरी बाल्टी में गिरने से मृत्यु हो गई। आधा घंटे बाद मंदिर से लौटी मां ने बेटे को बाल्टी में पड़ा देखा तो चीख निकल गई।

आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। नगला गुलाल निवासी शिवराम गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। घर में उनकी पत्नी गीता देवी अपनी चार वर्षीय बेटी अनामिका और डेढ़ वर्षीय बेटे प्रशांत के साथ रहती हैं। सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे गीता देवी शिव मंदिर में जल चढ़ाने गई थीं।

उन्होंने बेटी से कहा कि वह प्रशांत का ध्यान रखे, लेकिन मां के जाने के बाद वह खेलने चली गई। खेलते समय घर के आंगन में नल के पास पानी से भरी बाल्टी में प्रशांत सिर के बल गिर पड़ा। पूजा के बाद गीता देवी घर आईं तो प्रशांत पानी की बाल्टी में पड़ा था। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे

प्रशांत को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। वहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मृत्यु से मां बार-बार बेसुध हो रही थी। होश में आने पर यही कहती कि बच्चों को साथ ले जाती तो ये नहीं होता। वैसे दोनों बच्चे साथ में मंदिर जाते थे, लेकिन दोनों खेल रहे थे। इसलिए छोड़ गई।

पिता के घर आने के बाद दोपहर में स्वजन ने शव अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि स्वजन ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी।