चीनी ने फिर मारी छलांग, फुटकर बाजार में बढ़ गया 10 रुपये प्रति किलोग्राम का भाव
पिछले माह 55 रुपये प्रति किलो पर आई चीनी की कीमत नवरात्र और दिवाली से पहले फिर बढ़ गई है। ...और पढ़ें

फिरोजाबाद में खुदरा दुकान पर खरीदारी करते लोग।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। रक्षाबंधन पर 70 रुपये किलो तक बिकी चीनी पिछले माह 55 रुपये किलो पर आ गई थी। इससे दुकानदारों के साथ आमजन ने भी राहत महसूस की थी। नवरात्र की शुरूआत और दिपावली से पहले एक बार फिर चीनी के भाव बढ़ गए हैं। थोक बाजार में चीनी 61 तो फुटकर बाजार में 65 रुपये किलो रुपये तक में बिक रही है। इससे लोगों की रसोई का बजट बिगड़ने लगा है।
दुकानदार आवक में कमी को इसका कारण बता रहे हैं। हालांकि वे इसका कोई ठोस और स्पष्ट कारण नहीं बता पा रहे हैं। अगस्त में चीनी के दाम 44 से बढ़कर 70 रुपये किलो पर पहुंच गए थे। इसका कारण कोटा कम होने और गन्ने की खेप एथानोल बनाने के लिए प्रयोग में भेजना बताया गया था। त्योहार गुजरने के बाद चीनी के भाव में राहत मिली थी। चार दिन पूर्व से भाव में फिर से तेजी आ गई है।
थोक और फुटकर बाजार में तीन से चार रुपये के अंतर से चीनी की बिक्री की जा रही है। चीनी के बढ़ती दामों ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। इसका असर घरों की रसोई के साथ-साथ मिठाई, चाय-नाश्ता और अन्य खाद्य कारोबार पर भी पड़ रहा है।
त्योहारी सीजन को देखते हुए भरपूर मांग भेजी जा रही है, लेकिन सीमित मात्रा में ही चीनी मिल पा रही है। जिससे भाव में चीनी मिल रही है। उसमें भाड़ा और अन्य खर्चे जोड़ने के बाद ही बिक्री की जा रही है। -सौरभ गुप्ता, थोक विक्रेता बजरिया
जिले में आगरा से भी चीनी की भरपूर आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। 62 रुपये किलो में चीनी मिलने के बाद खर्चा जोड़कर बिक्री की जा रही है। कुछ बड़े दुकानदार इसमें कोटा कम मिलने का कारण बता रहे हैं। -कुलदीप वार्ष्णेय, फुटकर विक्रेता जलेसर रोड
