विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिकोहाबाद नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों ने की हड़ताल, महिला कर्मी की मौत के बाद जमकर हंगामा

By Nikunj Yadav Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 25 Jul 2026 09:10 PM (IST)

शिकोहाबाद में एक संविदा सफाईकर्मी की ट्रक से टक्कर में मौत के बाद नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल ...और पढ़ें

शिकोहाबाद नगर पालिका कार्यालय में हंगामा करतीं महिला सफाईकर्मी।

शिकोहाबाद नगर पालिका कार्यालय में हंगामा करतीं महिला सफाईकर्मी।

संवाद सूत्र, शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। मैनपुरी रोड पर पानी की टंकी के पास शुक्रवार शाम चार बजे ट्रक की टक्कर से सफाई कार्य करने के दौरान महिला संविदा सफाईकर्मी की मृत्यु से आक्रोशित नगर पालिका के सफाई कर्मियों ने शनिवार सुबह पालिका परिसर में हड़ताल कर हंगामा किया।

पालिकाध्यक्ष और अधिशाषी अधिकारी ने दोपहर दो बजे पीड़ित स्वजन को एक लाख रुपये का चेक देकर और नियमानुसार अन्य सहयोग करने का आश्वासन देकर हंमागा शांत कराया। इसके बाद शाम साढ़े चार बजे सफाई कर्मचारियों का गुस्सा शांत हुआ और महिला के शव का अंतिम संस्कार किया गया

मुहल्ला नई बस्ती बोझिया निवासी 40 वर्षीय सरोज देवी पालिका में संविदा पर सफाईकर्मी थीं। सफाई कार्य के दौरान ट्रक ने टक्कर मार दी थी। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी। शनिवार सुबह सफाई कर्मचारियों को महिला की मृत्यु की जानकारी हुई तो वे आठ बजे कार्य बहिष्कार कर पालिका परिसर पहुंचे। इस दौरान नगर में कई जगह कूड़ा नहीं उठा।

हड़ताली कर्मियों ने पालिका परिसर में नारेबाजी कर पीड़ित परिवार को मुआवजा और उनके बेटे को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे थे। इस दौरान अधिशासी अधिकारी राजकुमार से कई बार सफाईकर्मियों की झड़प भी हुई। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि राजीव गुप्ता, इंस्पेक्टर अनुज कुमार भी पुलिस फोर्स के साथ पालिका पहुंच गए

सफाईकर्मियों को समझा-बुझा कर शांत किया गया। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि महिला के स्वजन को उसके फंड की धनराशि के अतिरिक्त, आउटसोर्सिंग के तहत घर के एक सदस्य को नौकरी सहित अन्य नियमानुसार सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा।