विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद: साल्वर गैंग के सदस्य दो भाइयों की एक करोड़ की संपत्ति कुर्क, पुलिस भर्ती में की थी गड़बड़ी

By Yogesh Chauhan Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 06 Aug 2026 01:36 PM (IST)

फिरोजाबाद में पुलिस भर्ती परीक्षा में धांधली करने वाले साल्वर गैंग के दो भाइयों की एक करोड़ की संपत्ति कुर्क ...और पढ़ें

फिरोजाबाद में सॉल्वर गैंग सदस्य की संपत्ति सीज करती पुलिस।

फिरोजाबाद में सॉल्वर गैंग सदस्य की संपत्ति सीज करती पुलिस।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। गैंग बनाकर पुलिस भर्ती परीक्षा में सेंधमारी करने वाले दो भाइयों की एक करोड़ की संपत्ति को मक्खनपुर पुलिस ने राजस्व टीम के साथ कुर्क किया है। कार्रवाई के दौरान मुनादी करने के साथ मकानों पर सील लगाई गई। वहीं बाइक को जब्त कर थाने भिजवाया गया। मामले में पिछले वर्ष ही नौ आरोपितों के विरुद्ध गिरोहबंद की कार्रवाई की गई थी। जिसमें दोनों भाई भी शामिल थे।

सीओ शिकोहाबाद शेखर सेंगर ने बताया कि फरवरी 2024 में हुई सिपाही भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों के स्थान पर फर्जीवाड़ा कर खुद परीक्षा देने वाले 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उनमें मक्खनपुर के गांव जाफराबाद निवासी गिरजेश और रजनेश भी शामिल थे। जांच के दौरान जानकारी हुई कि आरोपित संगठित गिरोह बनाकर साल्वर गैंग चला रहे हैं। इसके बाद उनके विरुद्ध गैंग्स्टर की कार्रवाई की गई थी

जिसकी जांच मक्खनपुर पुलिस को सौंपी थी। बुधवार को डीएम संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे के आदेश पर शाम पांच बजे एसओ मक्खनपुर चमन शर्मा ने नायब तहसीलदार नितिन चौधरी के साथ दोनों भाइयों की चल-अचल संपत्ति को कुर्क किया है। जिसमें दो मकान और एक बाइक शामिल हैं। एसओ ने बताया कि आरोपितों को कुर्की का नोटिस तीन अगस्त को दे दिया था। कार्रवाई के दौरान मकान खाली मिला।