फिरोजाबाद: महिला की हत्या करने का आरोपी इनामी जेठ मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद में 25 हजार के इनामी हत्यारोपी नेपाल सिंह को नगला खंगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। ...और पढ़ें

महिला की हत्या के आरोप में गिरफ्तार जेठ।
HighLights
नगला खंगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को दबोचा।
खेत विवाद में महिला सोनी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की थी।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। दो अक्टूबर को गांव कौरारीखेड़ा में महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने के आरोपी को थाना नगला खंगर पुलिस ने बुधवार देर रात 1.30 बजे मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे सरकारी ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
खेत के विवाद में महिला सोनी की जेठ नेपाल सिंह द्वारा खेत पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गयी थी। थाना नगला खंगर के इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया था। देर रात नगला खंगर पुलिस टीम भदान चौराहा के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने आई बाइक को रोकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार भागने लगा।
इस पर पुलिस टीम ने पीछा किया। अन्य पुलिस टीमों को भी सूचना दी गई। इसी दौरान बिरई अंडरपास सर्विस रोड पर दूसरी पुलिस टीम द्वारा बाइक सवार की घेराबंदी की गयी। बाइक सवार द्वारा स्वयं को दोनों ओर से पुलिस टीमों से घिरा हुआ देखकर जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर कर दिए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
उसकी पहचान हत्यारोपी नेपाल सिंह निवासी कोरारीखेड़ा के रूप में हुई। पुलिस टीम ने घायल को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस, बाइक और 560 रुपये नकदी बरामद हुई है।
