Firozabad News: राष्ट्रीय पक्षी मोर को बंधक बनाकर रिसोर्ट में रखा, वन विभाग ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
रिसोर्ट में एक नर मोर बरामद हुआ। जिसकी उम्र लगभग एक साल है। इसके बाद रिसोर्ट में मिले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने वन विभाग की टीम को अपने नाम प्रमोद कुमार बघेल निवासी दीदामई और किरन कपूर निवासी मुहल्ला गंज बताया।
फिरोजाबाद, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय पक्षी को बंधक बनाने पर वन विभाग की टीम ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मोर को ठारपूठा स्थित सीएस रिसोर्ट में छापेमारी के बाद मुक्त कराया गया। इस मामले रिसोर्ट मालिक सहित तीन पर प्राथमिकी कराई जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों को गुरुवार की दोपहर सूचना मिली की रिसोर्ट में एक मोर को बंधक बनाकर रखा गया है। जांच के लिए रेंज आफीसर को टीम बनाकर भेजा गया। टीम ने रिसोर्ट में जाकर तलाशी ली। एक कमरे में ताला लगा था। उसे रिसोर्ट में उपस्थित मिले लोगों से खुलवाया गया तो अंदर एक नर मोर बरामद हुआ। जिसकी उम्र लगभग एक साल है।
इसके बाद रिसोर्ट में मिले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने वन विभाग की टीम को अपने नाम प्रमोद कुमार बघेल निवासी दीदामई और किरन कपूर निवासी मुहल्ला गंज बताया।
एसडीओ ने बताई यह बात
एसडीओ स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए दोनों लोगों को थाना रामगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उन दोनों के साथ ही रिसोर्ट मालिक पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिक लिखने के लिए तहरीर दी गई है। मालिक का नाम विभव कुमार ओझा निवासी ओझा नगर बताया गया है।
कोर्ट के आदेश पर मुक्त किया जाएगा मोर
एसडीओ ने बताया कि मोर को अपने संरक्षण में ले लिया गया है। उसे कोर्ट के आदेश पर मुक्त किया जाएगा। वन्य जीवों को बंधक बनाना या पकड़ना गैर कानूनी है। मोर वन्य जीव होने के साथ ही राष्ट्रीय पक्षी भी है। इसलिए उसे बंधक बनाना और भी गंभीर मामला है और यह गैरजमानती अपराध है।