विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद में JNM छात्रा का शव ट्रैक पर मिला, चेयरमैन के बेटे पर गंभीर आरोप

By Neelesh Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 28 Oct 2026 07:51 PM (IST)

फिरोजाबाद में नर्सिंग कॉलेज की एक छात्रा का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। परिजनों ने कॉलेज चेयरमैन के डायरेक्टर बेटे ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। नर्सिंग काॅलेज के हाॅस्टल में रह रही जेएनएम छात्रा का शव मंगलवार रात रेलवे ट्रैक पर मिला। छात्रा रात में हाॅस्टल की दीवार फांदकर कालेज से निकली थी। पिता और भाई ने कालेज के डायरेक्टर पर कमेंट करने और मिलने के लिए दबाव बनाने के साथ ही हत्या का आरोप लगाया है। इसके साथ ही फीस के लिए दबाव बनाकर परेशान करने का भी आरोप लगाया है।

बुधवार शाम सात बजे कार्रवाई की मांग करते हुए स्वजन ने चौकी के बाहर हंगामा भी किया। मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र के गांव निवासी 24 वर्षीय युवती मटसेना क्षेत्र के कनेटा गांव के पास स्थित फिरोजाबाद स्कूल ऑफ नर्सिंग में जेएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा थी। कालेज परिसर में बने हाॅस्टल में वह रह रही थीं। मंगलवार रात 2:08 बजे महाबोधि एक्सप्रेस की चपेट में आने से छात्रा की मृत्यु हो गई।

पहचान न होने पर मटसेना पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर मिले शव को मोर्चरी भेजा। बुधवार सुबह कालेज स्टाफ ने शव की पहचान की। छात्रा के भाई का आरोप है कि काॅलेज के चेयरमैन के डायरेक्टर का बेटा यश दक्ष बहन को परेशान करना था। आए दिन आपत्तिजनक कमेंट करने के साथ ही अकेले में मिलने के लिए बुलाता था। बहन के विरोध करने पर एकमुश्त 50 हजार रुपये जमा करने का दबाव बनाया जाने लगा।

कुछ दिन पहले बहन ने इसकी जानकारी दी थी। इस पर स्वजन कालेज आए और चेयरमैन से शिकायत की थी। सोमवार रात साढ़े नौ बजे बहन ने फोन करके कमेंट करने और मिलने के लिए बुलाने का दबाव बनाने की पुन: शिकायत की। धान की कटाई होने के कारण वह मंगलवार को कॉलेज नहीं आ सके।

काॅलेज प्रबंधन ने उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी। बुधवार सुबह बहन के काॅलेज में न होने होने की सूचना दी। भाई अपने पिता के साथ काॅलेज पहुंचा तो सिविल लाइन चौकी पर बिठा दिया। बताया कि बहन लापता है, उसका पता नहीं चल रहा है। पुलिसकर्मियों से भी पूछा किसी ने कुछ नहीं बताया। साढ़े तीन बजे पंचायतनामा पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा गया। तब पता चला कि बहन की मृत्यु हो चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने चौकी पर मौजूद चेयरमैन और डाॅक्टर को भगा दिया। भाई का कहना है कि काॅलेज स्टाफ ने बहन पर किसी लड़के से बात करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मोबाइल की जांच कर ली, लेकिन कोई सबूत नहीं मिला। भाई का आरोप है कि डायरेक्टर हत्या के बाद बहन का शव ट्रैक पर फेंक दिया।

कालेज के चेयरमैन एससी दक्ष के मोबाइल पर फोन किया तो एक शिक्षक ने बात की। उन्होंने बताया कि छात्रा के स्वजन की ओर से लगाए गए आरोप निराधार हैं। छात्रा रात 1:45 बजे काॅलेज की दीवार फांदकर बाहर निकली थी। इसका सीसीटीवी फुटेज भी है। थानाध्यक्ष मटसेना विमलेश त्रिपाठी ने बताया छात्रा ने आत्महत्या की है। जांच में सामने आया है कि वह किसी से फोन पर बात करती थी। मोबाइल फोन की सीडीआर की जांच की जा रही है।

चालक ने दी थी आरपीएफ को सूचना

छात्रा मक्खनपुर और फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के बीच खंभा नंबर 1226 के पास महाबोधि एक्सप्रेस की चपेट में आई। ट्रेन के चालक ने रात 2.11 बजे स्टेशन मास्टर और आरपीएफ को घटना की सूचना दी थी। रेलवे स्टेशन से जानकारी मिलने के बाद ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी।