विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में हादसा, रक्षाबंधन से पहले चचेरे भाइयों के शव पहुंचे तो फिरोजाबाद के गांव में मच गया चीत्कार

By Neelesh Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 21 Aug 2026 07:25 PM (IST)

हिमाचल के मंडी में हुए ट्रक हादसे में फिरोजाबाद के कादीपुर गांव के दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, ...और पढ़ें

विशाल और रवि के फाइल फोटो।

विशाल और रवि के फाइल फोटो।

संवाद सहयोगी, जसराना (फिरोजाबाद)। हिमाचल प्रदेश के मंडी में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह टनल के अंदर दो ट्रकों की भिड़ंत में चार लोगों की मृत्यु होने के साथ ही आठ लोग घायल हो गए थे। हादसे में कादीपुर गांव के एक परिवार के दो युवकों की भी मृत्यु हो गई। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई थे। शुक्रवार सुबह दोनों युवकों के शव गांव कादीपुर लाए गए तो घर में कोहराम मच गया।

पूरे गांव में मातम छा गया। दोनों युवक रोजी-रोटी की तलाश में गए हुए थे। दोनों रक्षाबंधन पर घर आने की तैयारी कर रहे थे। एक दिन पहले स्वजन से फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने घर आने की बात कही थी।

गांव कादीपुर निवासी विक्रम चंडीगढ़ में कांच फैक्ट्री का संचालन करते हैं। एक परिवार के विशाल कुमार और रवि कुमार फैक्ट्री में माल सप्लाई का काम करते थे। गांव में दोनों के घर अलग-अलग हैं। रवि ट्रक चलाता था, जबकि विशाल सहयोगी के रूप में साथ रहता था। हिमाचल के मंडी में गुरुवार को हुई ट्रकों की भिड़ंत में इन दोनों की मृत्यु हो गई थी

पुलिस से मिली घटना की खबर पर युवकों स्वजन हिमाचल रवाना हो गए थे। शुक्रवार सुबह पांच बजे दोनों युवकों के शव घर लाए गए तो कोहराम मच गया। कुछ देर बात दोनों युवकों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया। स्वजन के अनुसार रवि पांच भाइयों में दूसरे नंबर के थे। पिता बाबी वर्ष 2010 से 2015 तक गांव के प्रधान रहे हैं।

पांच वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी और बेटी को छोड़ गए हैं। विशाल दो भाइयों में बड़े थे, उनकी शादी नहीं हुई थी। स्वजन ने बताया कि बुधवार शाम को युवकों ने फोन पर बातचीत करते हुए रक्षाबंधन पर घर आने की बात कही थी।