विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद में गृह और जल कर के 200 से अधिक बकाएदार चिह्नित, होगी कुर्की और सीलिंग की कार्रवाई

By Vimal Kumar Kulshrestha Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 05 Mar 2026 05:49 PM (IST)

फिरोजाबाद नगर निगम ने गृह और जल कर के 200 से अधिक बड़े बकाएदारों को चिह्नित किया है, जिनमें व्यावसायिक ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। शहर में तमाम ऐसे लोग हैं, जो व्यवसायिक भवन, होटल, मैरिज होम, माल के माध्यम से लाखों रुपये की आय कर रहे हैं, फिर भी नगर निगम को गृह-जलकर प्रतिवर्ष जमा नहीं कर रहे हैं। यही कारण है कि एक-एक भवन स्वामियों पर 50 हजार से लेकर 50 लाख से अधिक कर बकाया चल रहा है।

नगर निगम प्रशासन ने ऐसे 200 से अधिक बकाएदारों को चिह्नित कर अंतिम नोटिस थमा दिया है। होली के त्योहार समाप्त होने के ऐसे भवन स्वामियों के विरुद्ध सीलिंग और कुर्की के कार्रवाई के लिए अभियान शुरू होगा।

नगर निगम प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 45.66 करोड़ गृह और जलकर वसूला था। निर्धारित लक्ष्य पाने के लिए दो माह तक बड़े बकाएदारों के विरुद्ध सीलिंग और कुर्की की कार्रवाई की गई थी, जिससे बड़े बकाएदारों में खलबली मची रही थी। शासन स्तर से वर्ष 2025-26 के लिए 55.56 करोड़ कर वसूली का लक्ष्य दिया गया है।

इसके सापेक्ष अब तक 31 करोड़ ही कर वसूली हो सकी है। अभी नगर निगम को 24 करोड़ से अधिक राजस्व वसूली करनी है। जबकि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अधिक समय शेष नहीं है।

सहायक नगर आयुक्त निहाल चंद्र ने बताया कि 200 से अधिक भवन स्वामियों को अंतिम नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बाद भी जो भवन स्वामी निर्धारित तिथि तक बकाया गृह-जलकर जमा नहीं कराएंगे।

ऐसे भवन स्वामियों के विरुद्ध कुर्की और सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे भवन स्वमियों से आह्वान किया है कि किसी प्रकार की परेशानी से बचाने को जल्द बकाया जमा कराएं।