फिरोजाबाद के कंपोजिट स्कूल में तीसरी क्लास के छात्र से गंदी हरकत, आरोपी किशोर हिरासत में
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद स्थित एक कंपोजिट विद्यालय में भोजनवकाश के दौरान एक 17 वर्षीय किशोर ने तीसरी कक्षा के छात्र ...और पढ़ें

फिरोजाबाद में स्कूल की इसी कक्षा में बच्चे के साथ गंदी हरकत की गई।
संवाद सूत्र, शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। बेसिक शिक्षा परिषद के एक स्कूल में शिक्षकों की लापरवाही का बड़ा उदाहरण सामने आया। बुधवार दोपहर भोजनवकाश के दौरान गांव का एक किशोर स्कूल में घुसा और कक्षा तीन के छात्र को 20 रुपये देने का लालच देकर एक कमरे में ले गया। वहां उसके साथ कुकर्म किया।
इसके बाद आरोपित और पीड़ित छात्र स्कूल से चले गए, लेकिन वहां मौजूद शिक्षकों को इसकी भनक तक नहीं लगी।छात्र ने घर पहुंचकर स्वजन को घटना की जानकारी दी तो उन्होंने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
नगर से सटे एक गांव में स्थित कंपोजिट विद्यालय में 96 छात्र पंजीकृत हैं। स्कूल में कुल नौ कमरे हैं। उपस्थिति पंजिका के अनुसार बुधवार को 66 छात्र और छह शिक्षक उपस्थित थे। दोपहर 12 बजे भोजनावकाश के समय गांव का 17 वर्षीय किशोर स्कूल में आया। वह छात्र को अपने साथ कक्षा छह के कमरे में ले गया और दरवाजा अंदर से बंद करके उसके साथ कुकर्म किया। इसके बाद आरोपित वहां से भाग निकला।
कुछ समय बाद पीड़ित छात्र भी स्कूल से घर चला गया, लेकिन शिक्षकों को किसी के आने, जाने और घटना की कोई जानकारी नहीं हुई। घर पहुंचे छात्र ने मां को घटना की जानकारी दी। इससे स्वजन का आक्रोश भड़क गया और उन्होंने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया।
उन्होंने शिक्षकों पर अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कक्षा की दीवार पर छात्र का खून लगा देखा। रजिस्टर में पीड़ित छात्र की उपस्थिति तक अंकित नहीं थी।
इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की और छात्र का मेडिकल परीक्षण कराया। उन्होंने बताया मुकदमा दर्ज कर बाल अपचारी को पकड़ लिया है। वहीं बीएसए अनिल कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पूरे स्टाफ को बुलाकर स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
कहां थे शिक्षक, खाली क्यों थी कक्षा
वारदात के बाद स्कूल परिसर में हंगामा कर रहे स्वजन ने शिक्षकों का भी सवालों के घेरे में खड़ा किया। स्वजन ने पूछा कि वारदात के समय शिक्षक कहां थे? आखिर कक्षा खाली क्यों थी? भोजनावकाश था तो कोई तो वहां मौजूद रहता। स्वजन ने बताया कि स्कूल में एक प्रधानाचार्य, चार अध्यापक और दो शिक्षिकाएं तैनात हैं। बुधवार को प्रधानाचार्य छुट्टी पर थे। प्रभारी प्रधानाचार्य सहित छह शिक्षक उपस्थित रहे।
इसके बाद भी किशोर स्कूल में घुस आया, बच्चे को कमरे में बंद कर लिया और उसके साथ कुकर्म किया और बड़ी ही आसानी से भाग निकला। इसके लिए जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
