विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में हंगामा, स्टूडेंट्स और सिक्योरिटी गार्ड्स आमने-सामने; चेकिंग में मिले आपत्तिजनक हालत में

By Kartikey Nath Dwivedi Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 18 Aug 2026 09:23 PM (IST)

फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में बिजली समस्या के समाधान के लिए हॉस्टल चेकिंग के बाद छात्रों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया ...और पढ़ें

फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में धरने पर बैठीं छात्राएं।

फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में धरने पर बैठीं छात्राएं।

HighLights

  1. महिला इंटर्न से अभद्रता के आरोप पर छात्र प्रदर्शन कर रहे।

  2. प्राचार्य ने आपत्तिजनक स्थिति में पाए जाने का दावा किया।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। बार-बार ट्रिप हो रही बिजली की समस्या के निदान के नाम पर जलेसर रोड स्थित स्वशासी राजकीय मेडिकल कालेज में सोमवार शाम हुई चेकिंग के बाद हंगामा खड़ा हो गया। प्राचार्य और छात्र-छात्राएं आमने-सामने आ गए हैं।

छात्र-छात्राओं ने अग्निवीर सिक्योरिटी गार्डों पर इंटर्न महिला चिकित्सक से अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार सुबह से धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिससे कालेज परिसर दिनभर नारेबाजी से गूंजता रहा। इस कारण अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित रहीं। प्राचार्य ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे। शाम को सिटी मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंचे।

तीन-चार महीने से मेडिकल कालेज की बिजली आपूर्ति अक्सर फाल्ट हो जाने से बाधित हो रही थी। कई बार बस वायर और जनरेटर में भी खराबी आ गई। प्राचार्य डाॅ. योगेश गोयल के अनुसार सोमवार को भी आपूर्ति ठप हुई तो उन्होंने क्षेत्रीय जेई कयामुद्दीन को फोन किया। उन्होंने बताया कि उनके फीडर से सब ठीक है। काॅलेज में ही कहीं फाल्ट हुआ है

बिजली मिस्त्री ने बताया कि क्षमता से अधिक भार होने के कारण ऐसा हो रहा है। इसके बाद तीनों हाॅस्टल के वार्डन और अग्निवीर सिक्योरिटी गार्डों से हाॅस्टलों का निरीक्षण कराने का निर्णय लिया। शाम करीब साढ़े पांच बजे वार्डन डॉ. हरिओम, डाॅ. किरन और डाॅ. राजेंद्र कुमार ने एक-एक कर सभी कक्षों की जांच शुरू की।

प्राचार्य के अनुसार शाम सात बजे करीब टीम ने ब्वायज हास्टल के एक कमरे में जंगले से झांका तो वर्ष 2020 बैच के इंटर्न पुरुष डाक्टर के कमरे में वर्ष 2021 बैच की महिला इंटर्न चिकित्सक आपत्तिजनक हालत में मिली। टीम द्वारा दरवाजा खटखटाने पर महिला डाक्टर ने अटैच कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। टीम के समझाने और पुरुष डाक्टर के कहने पर महिला डाॅक्टर कमरे से बाहर आई

टीम ने नीचे खड़ी वार्डन डाॅ. किरन को मौके पर बुला लिया। उन्होंने उस समय मामला रफा-दफा करा दिया। निरीक्षण के दौरान 24 इंडक्शन प्लेट, 40 एसी, रोस्टर एवं हीटर आदि बिजली उपकरण मिले थे। जिससे बिजली का लोड बढ़ रहा था। प्राचार्य ने रात में इन सभी को नष्ट करा दिया।

मंगलवार सुबह 11 बजे इंटर्न महिला डाॅक्टर ने थाना नारखी पुलिस को अपने साथ अग्निवीर सिक्योरिटी गार्डों द्वारा अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए मेडिकल कालेज में बुला लिया। इसके बाद इंटर्न और पीजी के छात्र प्राचार्य कक्ष के बाहर विरोध प्रदर्शन कर हंगामा करने लगे। वे टीम के साथ आए 16 सिक्योरिटी गार्डों को नौकरी से हटाने की मांग कर रहे थे। प्राचार्य ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।

प्राचार्य का कहना था कि सभी को अनुशासन में रहना होगा। शाम पांच बजे के आसपास सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय छात्र-छात्राओंं को समझाने मौके पर पहुंचे, लेकिन रात आठ बजे तक धरना जारी था।

सिक्योरिटी गार्डों ने मेरा मजाक बनाया, सुसाइड किया तो प्राचार्य जिम्मेदार होंगे

जिस इंटर्न महिला डॉक्टर पर आपत्तिजनक हालत में मिलने का आरोप प्राचार्य ने लगाया है। उन्होंने मीडिया को बताया कि निरीक्षण के दौरान सिक्योरिटी गार्डों ने उनका मजाक बनाते हुए धक्का मारे। वह बाहर जाना चाहती थीं, लेकिन सिक्योरिटी गार्ड उन्हें जाने नहीं दिया। उनसे परेशान होकर वह कमरे में बंद हो गई थीं। बाद में वार्डन के समझाने पर उन्हें जाने दिया गया

वह दूसरे डाॅक्टर के कमरे में सामान लेने गईं थीं। उन्होंने बताया कि करियर बर्बाद करने की धमकी मिली है। उनका मानसिक उत्पीड़न किया गया है। मेरे साथ कुछ होता है या मैंने सुसाइड कर लिया तो उसके लिए प्राचार्य जिम्मेदार होंगे। मुझे न्याय नहीं मिला तो मैं महिला आयोग तक जाऊंगी।