विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नहर से निकलकर खेत में पहुंचा विशालकाय मगरमच्छ, गांव में मच गया हड़कंप; वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू

By Amit Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 12 Aug 2026 07:32 PM (IST)

फिरोजाबाद के जसराना में नगला रामा गांव के खेत में एक विशालकाय मगरमच्छ घुसने से हड़कंप मच गया। वन विभाग ...और पढ़ें

मगरमच्छ की सांकेतिक तस्वीर प्रयोग की गई है।

मगरमच्छ की सांकेतिक तस्वीर प्रयोग की गई है।

HighLights

  1. फिरोजाबाद के नगला रामा गांव में मगरमच्छ खेतों में घुसा।

  2. सुरक्षित पकड़े गए मगरमच्छ को झाल गोपालपुर नहर में छोड़ा गया।

संवाद सहयोगी, जसराना (फिरोजाबाद)। गांव नगला रामा के पास खेत में अचानक एक विशालकाय मगरमच्छ के आ जाने से ग्रामीणों में मंगलवार की रात हड़कंप मच गया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, वन विभाग और एसओएस वाइल्ड लाइफ की टीम ने सूझबूझ से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया और बाद में उसे नहर में छोड़ दिया गया।

क्षेत्रीय वनाधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि गांव के पास से गुजरने वाले बंबे (नहर की छोटी धारा) के रास्ते यह मगरमच्छ भटककर खेत तक पहुंच गया था। मंगलवार की शाम जब कुछ ग्रामीण खेतों की तरफ गए, तो उन्होंने वहां एक बड़े मगरमच्छ को देखा। इतने बड़े जीव को सामने देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते लगी भारी भीड़ खेतों में मगरमच्छ होने की खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई

इसे देखने के लिए युवाओं, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। लोगों की भीड़ और शोर-शराबे को देखकर मगरमच्छ डरकर भागने की कोशिश करने लगा, जिससे किसी अनहोनी का खतरा बढ़ गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।

वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी रात करीब 11 बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मगरमच्छ से सुरक्षित दूरी पर किया। इसके बाद तुरंत 'एसओएस वाइल्ड लाइफ' की रेस्क्यू टीम को सूचित किया गया। वाइल्ड लाइफ एसओएस की टीम भी रात्रि में ही मौके पर पहुंच गई

वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से एक पिंजरे में कैद कर लिया। मगरमच्छ के पिंजरे में कैद होने के बाद ग्रामीणों और प्रशासन ने राहत की सांस ली।

वनाधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से झाल गोपालपुर नहर में छोड़ दिया गया है। साथ ही, वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है ताकि भविष्य में ऐसी किसी घटना से बचा जा सके।