फिरोजाबाद लूटकांड: ड्राइवर के भाई ने साले संग रची 41 लाख की साजिश, भोपाल से बुलाए थे बदमाश
फिरोजाबाद में पशु व्यापारी से 41 लाख की लूट का खुलासा हुआ है, जिसमें ड्राइवर के भाई और उसके साले ने भोपाल से बदमाश बुलाकर साजिश रची थी।

HighLights
फिरोजाबाद में पशु व्यापारी से 41 लाख की लूट का खुलासा।
ड्राइवर के भाई और साले ने भोपाल से बुलाए थे बदमाश।
मुरैना हादसे में पकड़े गए बदमाशों ने साजिश का किया खुलासा।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। पशु व्यापारी के साथ हुई 41 लाख रुपये की लूट का पर्दाफाश हो गया है। ड्राइवर के भाई ने अपने साले के साथ वारदात की साजिश रची थी। फोन करके न्यूयार्क से परिचित बदमाशों को बुलाया था।
रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। सबकुछ योजनाबद्ध तरीके से हुआ, लेकिन मुरैना में हुए सड़क हादसे से पकड़ में आ गए। मुरैना में गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में जीजा-साले की साजिश की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस दोनों आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं गिरफ्तार चार बदमाशों को बी वारंट पर लाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
थाना रामगढ़ के मोहल्ला छपरिया निवासी जान मोहम्मद पशुओं की खरीद-बिक्री करते हैं। 15 सितंबर की रात पौने दो बजे वह अपने दो साथियों के साथ व्यापार के सिलसिले में कानपुर जाने के लिए निकले थे। यहां से उन्हें भैंस खरीदकर बिहार के सिवान जाना था।
मंगलवार रात 1:45 बजे वह घर से दो सौ मीटर दूर रसूलपुर क्षेत्र में पहुंचे थे, तभी कार सवार बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया था।
बुधवार सुबह चार बजे मुरैना में बैरियर चौराहा के पास नेशनल हाईवे 44 के ओवरब्रिज पर बदमाशों की कार सामने से आ रहे डंपर में घुस गई। हादसे में चारों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कार से दो पिस्टल, धारदार हथियार और नकदी से भरा बैग बरामद किया था।
साले के साथ रची वारदात की साजिश
रसूलपुर पुलिस ने वारदात का पर्दाफाश कर लिया है। पशु व्यापारी के कार चालक छोटू के भाई राजू ने अपने साले के साथ वारदात की साजिश रची थी। दोनों भोपाल में रहते हैं। इसलिए भोपाल से ही अपने परिचितों को बुलाया था। सीडीआर की जांच में बदमाशों, राजू और उसके साले के बीच बातचीत होने की पुष्टि हुई है। दोनों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि मुरैना में गिरफ्तार हुए बदमाशों ने पूछताछ में राजू और उसके साले की संलिप्तता बताई है। गिरफ्तार बदमाशों को बी वारंट पर लाया जाएगा।
