विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद में करवाचौथ पर विधवा का अनशन: गुरुग्राम में पति की मौत पर FIR की मांग

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 29 Oct 2026 12:42 PM (IST)

फिरोजाबाद में करवाचौथ के दिन एक विधवा अपने बच्चे के साथ जिला मुख्यालय पर भूख हड़ताल पर बैठी है। वह ...और पढ़ें

फिरोजाबाद में डीएम कार्यालय पर धरने पर बैठीं विधवा व परिवार की अन्य महिलाएं।

फिरोजाबाद में डीएम कार्यालय पर धरने पर बैठीं विधवा व परिवार की अन्य महिलाएं।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। एक तरफ सुहागिनों ने सुबह से पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखा है। वहीं एक विधवा अपने पति को न्याय दिलाने की मांग के लिए जिला मुख्यालय पर अपने बच्चे के साथ भूख हड़ताल पर बैठी है। गुरुग्राम में हुई पति की मृत्यु का पुलिस द्वारा दो साल बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं करने पर उन्होंने ये कदम उठाया है।

उत्तर थाना क्षेत्र के नगला मिर्जा छोटा निवासी विकास कुमार हरियाणा के गुरुग्राम में रहकर फर्नीचर का काम करते थे। वहां 15 जुलाई 2024 में उनकी मृत्यु हो गई थी। पत्नी पूनम गौतम का कहना है कि उस समय वह गर्भवती थीं। इसलिए मुकदमा दर्ज कराने के लिए ठीक से पैरवी नहीं कर सकीं। प्रसव के बाद गुरुग्राम जाकर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। वहां अधिकारियों से भी शिकायत की।

इसके बाद उत्तर थाने में भी जीरो एफआइआर दर्ज कराने के लिए दो बार तहरीर दी। गुरुग्राम पुलिस ने आत्महत्या की बात कही थी। जबकि उनके साथ कोई आपराधिक वारदात हुई है। इसलिए प्रकरण की जांच होनी चाहिए। पूनम का कहना है कि उन्होंने जीरो एफआइआर दर्ज कराने कराने के लिए गुरुवार सुबह 10 बजे से जिला मुख्यालय पर धरना देकर भूख हड़ताल करने की बात बुधवार को ही प्रशासन को बता दी थी।

इसके बाद भी कोई सुनवाई न होने पर वह अपने बच्चे और अन्य स्वजन के साथ भूख हड़ताल पर बैठी हैं। पूनम एलएलबी तृतीय वर्ष की छात्रा हैं और इस समय आम आदमी पार्टी की महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष हैं। इस संबंध में थाना उत्तर प्रभारी रवि त्यागी ने बताया कि विकास की मृत्यु गुरुग्राम में हुई है। उनसे वहां मुकदमा दर्ज कराने के लिए कहा गया है।